
Alwar Murder: मृतक रोहिताश (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
अलवर। अरावली विहार थाना क्षेत्र के रामकृपाल नगर में मंगलवार रात करीब 10 बजे 12वीं कक्षा के छात्र ने गंडासे से पिता रोहिताश (40) की गला काटकर हत्या कर दी। उसने बेड पर सो रहे पिता के गले, कंधे और हांथ पर गंडासे से कई वार किए। इसके बाद अपने मामा को मोबाइल फोन पर बोला- मामा, पापा को बचा लो। मामा को फोन करने के बाद वह कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। पुलिस ने उसे बहरोड़ रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय पिता-पुत्र किराए के कमरे में अकेले थे। मृतक की पत्नी के पीहर में 7 जून को शादी थी। वह अपने 17 व 15 साल के बेटों के साथ 6 जून को पीहर गई थी।
छात्र के मामा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 9 जून की रात करीब 10-11 बजे उसे भांजे का फोन आया। वह मौके पर पहुंचा, तो उसका जीजा रोहिताश बेड पर मृत पड़ा मिला। उसका गला कटा हुआ था। दीवारों और फर्श पर खून के निशान थे। पास ही में खून से सना गंडासा पड़ा मिला। बुधवार को पुलिस ने अलवर सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. केके मीणा ने बताया कि गले पर धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले हैं। विसरा एफएसएल जांच के लिए भिजवाया गया है।
आरोपी नाबालिग सरकारी स्कूल में 12वीं कॉमर्स का विद्यार्थी है। उसका छोटा भाई फर्नीचर की दुकान पर काम करता है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल में उसके पिता की फोटो दिखाई, तो वह फूट-फूटकर रोने लगा। वह बार-बार यही कहता रहा कि पता नहीं मैंने कैसे अपने पिता को मार दिया। उसने बताया कि वह रात को टॉयलेट करने के लिए कमरे से बाहर आया था। इस दौरान उसने लकड़ी काटने का गंडासा देखा। इसके बाद पता नहीं उसे क्या हुआ, उसने गंडासा उठाकर अपने पिता पर हमला कर दिया।
पड़ोसियों के अनुसार मृतक रोहिताश ई-रिक्शा चलाता था। वह शराब का आदी था। इसके कारण आए दिन घर में लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात करीब 8 बजे भी उसने कमरे पर बैठकर शराब पी थी। इसके बाद खाना खाकर सो गया।
मृतक के पड़ोसी ने बताया कि घटना के दौरान वे घर पर थे, लेकिन चिल्लाने की आवाज या शोर-शराबा नहीं सुना। रात को आरोपी हड़बड़ाकर कमरे से बाहर आया था, लेकिन उन्हें कोई संदेह नहीं हुआ। एक अन्य पड़ोसी युवक ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे उसकी दादी घर के सामने घूम रही थी। तब मृतक के मकान के बाहर पुलिस की गाड़ी देखी। जिसके बाद उन्हें घटना का पता चला।
Published on:
10 Jun 2026 10:09 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
