5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कोहरे के कारण कार पीछे से ट्रक में घुसी, एक ही स्कूल के तीन युवा शिक्षकों की मौत, घरों में मचा कोहराम

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Hiren Joshi

Dec 14, 2018

3 Teachers Of Same School Died In Road Accident In Alwar

कोहरे के कारण कार पीछे से ट्रक में घुसी, एक ही स्कूल के तीन युवा शिक्षकों की मौत, घरों में मचा कोहराम

अलवर. अलवर-दिल्ली मेगा हाइवे पर किशनगढ़बास स्थित बालाजी होटल के समीप बुधवार देर रात कोहरे के कारण एक कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार में सवार एक ही स्कूल के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक व घायल सभी युवक अलवर के प्राइवेट स्कूल सिल्वर ओक में टीचर थे। चारों युवा शिक्षक एक होटल पर खाना खाने जा रहे थे। किशनगढ़बास थाना पुलिस ने दो मृतकों के पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए तथा तीसरे मृतक का परिजन आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

वहीं, घायल का अलवर सामान्य अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में इलाज चल रहा है। किशनगढ़बास थानाप्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि अलवर के सिल्वर ओक स्कूल के टीचर हितेश सैनी का कुछ दिन पहले जन्मदिन था। उसके साथी टीचर मोहित शर्मा, सुप्रीत नागपाल और रोहित अग्रवाल ने बुधवार शाम को मोहित के घर जन्म दिन की फास्ट फूड पार्टी की। इसके बाद रात करीब 12.30 बजे बाद सभी सभी युवक कार में सवार होकर अलवर-दिल्ली मेगा हाइवे पर होटल में खाना खाने के निकल पड़े।

कोहरे के कारण किशनगढ़बास में बालाजी होटल से कुछ पहले ही उनकी कार सडक़ पर चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में अलवर के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी मोहित शर्मा (22) पुत्र महेशचंद शर्मा, सोनावा डूंगरी निवासी सुप्रीत नागपाल पुत्र रूपेद्र नागपाल और कोलकाता हाल स्कूल कैम्पस निवासी रोहित अग्रवाल (23) पुत्र रिषभ अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, गणपति विहार कॉलोनी निवासी हितेश सैनी (24) पुत्र मोहनलाल सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी युवकों को गाड़ी में से निकाल किशनगढ़बास अस्पताल पहुंचाया। तीनों युवकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रैफर कर दिया।

अस्पताल पहुंचे परिजन व स्टाफ

घटना का पता लगते ही अलवर सामान्य अस्पताल में घायल हितेश सैनी के परिजन पहुंच गए। घटना का पता लगते ही स्कूल प्रबंधन से स्कूल की छुट्टी कर दी और स्कूल स्टाफ भी अस्पताल पहुंच गया और घटना के बारे में एक-दूसरे को जानकारी देने में लगे रहे।

घरों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों व घायल युवकों के घर में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। किशनगढ़बास अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान भी परिजन बिलख रहे थे। जब मोहित और सुप्रीत के शव घर पहुंचे तो कोहराम सा मच गया।

पुलिस ने दी सूचना

पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों व घायल के परिजनों को दी। इसके बाद मृतकों के परिजन किशनगढ़बास अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक मोहित ओर सुप्रीत का शव पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। रोहित के परिजन घटना की सूचना मिलते ही फ्लाइट से कोलकाता से रवाना हो गए। शाम तक वह अलवर नहीं पहुंच सके, जिससे रोहित का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।