
अलवर में पटवारी 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार: फोटो पत्रिका नेटवर्क
अलवर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवार हल्का खोहरी, तहसील बानसूर (जिला कोटपूतली-बहरोड़) के पटवारी अतुल कुमार यादव को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि अलवर एसीबी चौकी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में परिवादी ने बताया कि उसने अपने नाम तथा अपनी भाभी के नाम से ग्राम खोहरी, तहसील बानसूर में साढ़े पांच बीघा जमीन 22 जनवरी 2026 को खरीदी थी। भूमि की रजिस्ट्री उसी दिन तहसीलदार कार्यालय बानसूर में करवाई गई थी।
परिवादी का आरोप था कि खरीदी गई भूमि का इंतकाल खोलने तथा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रहन का अंकन हटाने के बदले हल्का पटवारी अतुल कुमार यादव 15 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था और कार्य के लिए परेशान कर रहा था।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें 6 फरवरी को 15 हजार रुपए की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरवीजन तथा चौकी प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Updated on:
24 Feb 2026 02:52 pm
Published on:
24 Feb 2026 02:50 pm
