
अलवर: तस्करी के लिए ले जा रहे थे गोवंश, पिकअप पलटी, तस्कर की मौके पर ही मौत
अलवर. अलवर जिले के भिवाड़ी के चौपानकी थानांतर्गत गोवंश से भरी पिकअप पलट जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चौपानकी थानाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि गोवंश से भरी एक पिकअप पलट गई तथा उसका चालक नीचे दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप के नीचे दबे मुबीन पुत्र इस्माइल मेव निवासी डालावास थाना शेखपुर अहीर को निकाला। चालक की मौके पर ही मौत होने पर पुलिस ने शव को भिवाड़ी सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया।
बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पंच नामा किया। सीएचसी पर पोस्टमार्टम करा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पिकअप में रस्से से बंधे पांच गोवंश में दो गाय व तीन बैलों को मुक्त कराया। इनमें एक गाय की भी हादसे में मौत हो गई। चार गोवंश को बाबा मोहनराम गोशाला में भेजा गया तथा मृत गाय को दफनाया गया। पुलिस ने पिकअप जब्त कर मामला दर्ज किया है।
Updated on:
28 Jan 2021 10:42 am
Published on:
28 Jan 2021 10:42 am
