
आरोपियों की गाड़ी, जिसे लोगों ने आग के हवाले किया
अलवर। जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा को तीन जने जबरन अपनी गाड़ी में उठाकर ले गए। तीनों ने एक कमरे में ले जाकर छात्रा से बलात्कार किया। जब आरोपी पीड़िता को वापस उसके गांव छोड़ने आए, तो भीड़ को देख आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज करवा दिए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के भाई ने तीन जनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है, इनमें दो को नामजद किया गया है तथा एक आरोपी अज्ञात है। तीनों आरोपी दौसा जिले के हैं। इनमें मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसकी उम्र करीब 24 साल है। दो अन्य आरोपी बालिग हैं या नाबालिग, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है। पीड़िता के पिता का निधन हो चुका है।
थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़िता के भाई ने बताया कि मेरी बहन गुरुवार, 23 अप्रेल को सुबह 8 बजे पैदल अपने स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक गाड़ी में सवार दो युवकों ने उसे जबरन अपनी गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद उसके हाथ रस्सी से बांध दिए। आंखों पर पट्टी बांध दी। कुछ आगे चलने पर एक और युवक भी गाड़ी में सवार हो गया। इसके बाद तीनों आरोपी पीड़िता को अज्ञात स्थान पर एक कमरे में ले गए। वहां तीनों ने बारी-बारी से बलात्कार किया।
आरोपियों ने पीडि़ता की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना धमकी दी कि किसी को कुछ कहा, तो तेरे भाई को जान से खत्म कर देंगे। उसके बाद उन्होंने पीड़िता को दुबारा गाड़ी में बैठाया व आंखों पर पट्टी बांधकर जहां से उठाया था, वहीं कुछ दूर छोड़ने पहुंचे। वहां लोगों की भीड़ देख आरोपी पीडि़ता व अपनी गाड़ी को वहीं छोड़ फरार हो गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों की गाड़ी को आग लगा दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया।
Updated on:
24 Apr 2026 08:00 pm
Published on:
24 Apr 2026 03:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
