
सांसद बालकनाथ ने लिया रोडवाल गोद, रंजीता कोली ने तसई को दी तरजीह
अलवर. सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत अलवर सांसद महंत बालकनाथ योगी ने नीमराणा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रोडवाल को गोद लिया है। वहीं भरतपुर सांसद रंजीता कोली ने पंचायत समिति कठूमर की ग्राम पंचायत तसई को गोद लेने में तरजीह दी है। योजना की खास बात यह कि ग्राम पंचायत रोडवाल को पूर्व सांसद एवं मौजूदा सांसद के गुरु महंत चांदनाथ योगी भी गोद ले चुके हैं।
सांसद महंत बालकनाथ योगी ने जिला कलक्टर को लिखे पत्र में बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत सत्र 2019-20 में ग्राम रोडवाल पंचायत समिति नीमराणा को गोद लिया गया है। यह गांव अलवर संसदीय क्षेत्र में शामिल है। सासंद ने जिला कलक्टर से सांसद आदर्श ग्राम योजना के सम्बन्ध में कार्रवाई कराने को कहा है।
गुरु के अधूरे कार्य पूरा करने की कही थी बात
लोकसभा चुनाव के दौरान सांसद महंत बालकनाथ योगी ने चुनावी सभाओं में अपने गुरु एवं पूर्व सांसद महंत चांदनाथ के अधूरे कार्य पूरे करने की बात कही थी। महंत चांदनाथ ने सांसद रहते रोडवाल ग्राम पंचायत को सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गोद लिया था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण पूर्व सांसद इस गांव को आदर्श गांव का रूप नहीं दे पाए। बाद में सासंद रहते उनका लंबी बीमारी के बाद आकस्मिक निधन हो गया। जिससे सांसद आदर्श ग्राम योजना में शामिल रोडवाल गांव अपेक्षित विकास के अभाव में आदर्श बन पाने से पिछड़ गया। ग्रामीणों को भी रोडवाल गांव के आदर्श ग्राम के रूप में विकसित होने का इंतजार रहा। उनके शिष्य महंत बालकनाथ योगी ने अलवर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने जाने के पहले ही साल में सांसद आदर्श ग्राम योजना में रोडवाल ग्राम पंचायत को गोद लेकर ग्रामीणों की अधूरी उम्मीद पूरी होने की राह दिखाई है।
भरतपुर सांसद को भी रास आया तसई
भरतपुर सांसद रंजीता कोली ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को लिखे पत्र में सांसद आदर्श ग्राम योजना में कठूमर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत तसई (2019-24) को गोद लेने और वहां योजना के तहत विकास कार्य कराने का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र में योजना में चयनित ग्राम पंचायत के लिए वातावरण निर्माण, बेसलाइन सर्वे, प्रचार-प्रसार जन जागरुकता तथा वीडीपी की तैयारी आदि कार्य किए जाने हैं।
Published on:
30 Oct 2019 06:00 am
