
वोट के लिए सौगंध का प्रयोग
अलवर. नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान से पहले रविवार का प्रत्याशियों ने भरपूर फायदा उठाया। संडे मूड में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ दिनभर वार्ड में घर-घर में घूमते नजर आए। अवकाश का दिन होने के कारण प्रत्याशियों को ज्यादातर वोटर घर पर ही मिले।
संडे मूड में प्रचार की ज्यादातर प्रत्याशियों ने एक दिन पहले ही कार्ययोजना तैयार कर ली थी। रविवार सुबह ही प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ वार्ड में घर-घर चुनाव प्रचार के लिए निकल पड़े। हाथों में पर्चे और चुनाव चिन्ह लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं के घर पहुंचे। वहां वोट और सपोर्ट की अपील की। वार्ड में समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारे लगाते भी नजर आए।
कहीं सौगंध तो कहीं पानी उठवा रहे
प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट पकाने का हर जतन कर रहे हैं। प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटरों के पास पहुंचकर उन्हें अपने पाले में करने के लिए सौगंध उठवा रहे हैं तो कई प्रत्याशी उसे वोट देने के लिए वोटरों से पानी तक उठवाने में पीछे नहीं है।
परवान पर चुनावी रंग
शहर में निकाय चुनाव प्रचार का रंग अब परवान चढ़ता दिख रहा है। वार्डों में चुनावी हार-जीत और वोटों के जोड़-तोड़ के लिए देर रात तक प्रत्याशियों के कार्यालयों और मोहल्लों में मीटिंग हो रही हैं। वहीं, हर गली-मोहल्ले और चौराहे पर अब एक ही चर्चा है कि फलां वार्ड में कौन-कौन प्रत्याशी हैं और किस प्रत्याशी का जोर है। इसके अलावा अपने वार्ड में भी लोग प्रत्याशियों की हार-जीत पर शर्त लगा रहे हैं।
Published on:
11 Nov 2019 06:00 am
