14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar Crime: अलवर में फिल्मी स्टाइल में युवक का अपहरण, नाकाबंदी तोड़कर भागे बदमाश, 2 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया

अलवर के जीडी कॉलेज के सामने से एक युवक का अपहरण हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी कराई और महज 2 घंटे में युवक को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा फरार है।
2 min read
Google source verification
Alwar Crime

representative picture (patrika)

राजस्थान के अलवर शहर में फिल्मी अंदाज में एक युवक के अपहरण की वारदात सामने आई। जीडी कॉलेज जैसी व्यस्त जगह के सामने से कुछ बदमाशों ने एक युवक को जबरन कार में डाला और तेजी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस किडनैपिंग की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अलवर के पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए कंट्रोल रूम के जरिए पूरे जिले में नाकाबंदी के आदेश जारी कर दिए और पुलिस की कई टीमें बदमाशों के पीछे लगा दीं।

नाकाबंदी तोड़कर रामगढ़ की तरफ भागे किडनैपर्स

कार सवार किडनैपर्स पुलिस से बचने के लिए बगड़-तिराहा थाना क्षेत्र की तरफ भागे। वहां जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे पुलिस की नाकाबंदी को तोड़ते हुए रामगढ़ की ओर निकल गए। पुलिस की गाड़ियां लगातार उनका पीछा कर रही थीं। खुद को चारों तरफ से घिरता देख और पुलिस को बिल्कुल नजदीक पाकर बदमाश घबरा गए। उन्होंने पकड़े जाने के डर से रास्ते में ही अपहृत युवक को कार से नीचे उतार दिया और खुद भागने की कोशिश करने लगे।


तीन थानों की पुलिस ने घेरा, एक आरोपी दबोचा

बदमाशों को रोकने के लिए आगे रामगढ़ थाना पुलिस ने भी नाकाबंदी कर रखी थी। रामगढ़ फाटक के पास कोतवाली, बगड़ तिराहा और रामगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बदमाशों की कार को आगे से घेरकर रोक लिया। कार रुकते ही उसमें सवार दोनों बदमाश गाड़ी छोड़कर पैदल ही भागने लगे।

लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा करके एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय साहिल (पुत्र नूर मोहम्मद) के रूप में हुई है, जो डीग जिले के गाजूका पहाड़ी का रहने वाला है। वहीं उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा।

आखिर क्यों किया था युवक का अपहरण?

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो वजह सामने आई है, वह हैरान करने वाली है। दरअसल, यह पूरा मामला किराए की कार के एक्सीडेंट के विवाद से जुड़ा है। पुलिस जांच के मुताबिक, अपहृत युवक ने 11 जुलाई को इन आरोपियों से किराए पर एक कार ली थी। अगले ही दिन यानी 12 जुलाई को बड़ौदामेव इलाके में वह कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

कार में हुए नुकसान की भरपाई और पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने सबक सिखाने के लिए युवक का अपहरण कर लिया था। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने अपहृत युवक और बदमाशों की कार को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।