21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर के सरकारी कॉलेजों में एडमिशन की होड़: आर्ट्स और साइंस में सीटों से ज्यादा मारामारी, कॉमर्स कॉलेज में आधी सीटें खाली

अलवर के सरकारी कॉलेजों में फर्स्ट सेमेस्टर में एडमिशन का काउंटडाउन शुरू हो गया है। आवेदन की आखिरी तारीख 22 मई है, यानी छात्रों के पास अब सिर्फ आज और कल का मौका है। इस बार आर्ट्स और साइंस में दाखिले के लिए भारी मारामारी है, वहीं कॉमर्स कॉलेज में आधी सीटें भी नहीं भर पाई हैं।

2 min read
Google source verification
education news

representative picture (AI)

अलवर जिले के सरकारी कॉलेजों में ग्रेजुएशन फर्स्ट सेमेस्टर में एडमिशन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। कॉलेज आयुक्तालय की ओर से ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 22 मई तय की गई है। ऐसे में जो छात्र सरकारी कॉलेज से अपनी पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके पास ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अब बेहद कम समय बचा है। इसके तुरंत बाद कॉलेजों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (दस्तावेज सत्यापन) और मेरिट लिस्ट जारी करने का काम शुरू हो जाएगा।

आर्ट्स कॉलेज और जीडी कॉलेज में रिकॉर्ड आवेदन

इस साल अलवर शहर के आर्ट्स (कला) कॉलेज में दाखिला लेने के लिए छात्रों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। आर्ट्स कॉलेज में कुल 2300 सीटें हैं, लेकिन इसके मुकाबले अब तक 2325 से ज्यादा छात्र फॉर्म भर चुके हैं। सीटों से ज्यादा आवेदन आने की वजह से इस बार कट-ऑफ लिस्ट ऊंची रहने वाली है और छात्रों के बीच मुकाबला कड़ा हो गया है। वहीं दूसरी तरफ, लड़कियों के पसंदीदा जीडी कॉलेज (GD College) की स्थिति भी ऐसी ही है, जहाँ अब तक 2805 आवेदन आ चुके हैं। उम्मीद है कि आखिरी दिन तक यह संख्या और ज्यादा बढ़ेगी।

राजर्षि कॉलेज में साइंस का जलवा, कॉमर्स पड़ी फीकी

शहर के मशहूर राजर्षि महाविद्यालय में साइंस संकाय (B.Sc) के लिए भी छात्रों ने बढ़-चढ़कर फॉर्म भरे हैं। यहाँ बीएससी मैथ्स और बायो की कुल 1232 सीटें हैं। इनके मुकाबले अब तक मैथ्स में 904 और बायो में 814 आवेदन आ चुके हैं। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि अंतिम तारीख तक सीटों का आंकड़ा पार हो जाएगा।

इसके ठीक उलट, कॉमर्स कॉलेज की हालत इस बार भी पतली नजर आ रही है। युवाओं में कॉमर्स को लेकर रुझान लगातार कम हो रहा है। कॉमर्स कॉलेज में कुल 800 सीटें हैं, लेकिन अंतिम दौर तक यहाँ सिर्फ 363 आवेदन ही आए हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि आधी सीटें भी नहीं भर पाई हैं। ऐसे में यहाँ आवेदन करने वाले लगभग सभी छात्रों का एडमिशन पक्का माना जा रहा है, और इस साल भी कई सीटें खाली रहना तय है।

22 मई को आवेदन की प्रक्रिया बंद होने के बाद कॉलेज प्रशासन छात्रों के दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके बाद पहली चयन सूची (Merit List) जारी की जाएगी। जिन छात्रों का नाम लिस्ट में आएगा, उन्हें फीस जमा करानी होगी और फाइनल लिस्ट के बाद कॉलेजों में नया सत्र और रेगुलर क्लासेस शुरू कर दी जाएंगी।