22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: मोबाइल दुकान का शटर तोड़ लाखों की चोरी, 29 महंगे फोन चुराए 

अलवर के खेड़ली कस्बे में चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर दुकान से 7 आईफोन समेत कुल 29 मोबाइल चुरा लिए। पुलिस मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
2 min read
Google source verification
alwar khedli mobile shop

दुकान से जानकारी लेते पुलिस अधिकारी

अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार देर रात कठूमर रोड पर स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर और शटर की पत्तियों को कटर या लोहे की रॉड से चौड़ा कर चोर अंदर घुस गए।

इसके बाद बदमाश काउंटर और रैक में रखे लाखों रुपए की कीमत के महंगे स्मार्टफोन समेटकर बड़ी आसानी से फरार हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान की यह हालत देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

कर्मचारियों ने बंद की थी दुकान

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक कोमल सिंह नरुका किसी दुकान का माल लेने के सिलसिले में जयपुर गए हुए थे। उनकी अनुपस्थिति में दुकान की देखरेख और बिक्री का काम उनके कर्मचारी पवन और मनीष संभाल रहे थे। मंगलवार की रात को रोजाना की तरह दोनों कर्मचारी दुकान को ठीक से बंद करके अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब रास्ते से गुजर रहे राहगीरों की नजर दुकान के मुड़े और टूटे हुए शटर पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी दुकान मालिक और स्थानीय पुलिस को दी।


लाखों का नुकसान

सूचना मिलने पर जब दुकान के कर्मचारी और मालिक के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, तो दुकान के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के काउंटर पूरी तरह से खाली थे और सामान बिखरा पड़ा था। दुकानदार के मुताबिक, दुकान में बिक्री के लिए रखे कुल 29 मोबाइल फोन गायब थे। चोरी हुए सामान में 7 सेकेंड हैंड आईफोन और 22 प्रीमियम एंड्रॉयड स्मार्टफोन शामिल हैं, जिनमें तीन बिल्कुल नए पैक्ड मोबाइल भी थे। चोरी गए आईफोन्स में दो 'iPhone 14 Pro' और एक 'iPhone 13 Pro' जैसे बेहद महंगे मॉडल शामिल थे। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस चोरी से पीड़ित व्यापारी को लाखों रुपए का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुलिस आसपास के फुटेज खंगालने में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए खेड़ली थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीक निरीक्षण किया। हालांकि, दुकान के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन दुकान मालिक के अनुसार वारदात के वक्त कैमरे चालू नहीं थे। इस वजह से चोरों की करतूत दुकान के कैमरों में कैद नहीं हो सकी। अब पुलिस कस्बे की मुख्य सड़कों और आसपास की व्यावसायिक दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।