17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar: प्रेम विवाह के बाद कोर्ट में पेशी से पहले युवक पर हमला, लाठी-डंडों से तोड़े दोनों पैर

अलवर में प्रेम विवाह के बाद एक युवक पर कोर्ट में पेशी से पहले उसकी पत्नी के घरवालों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक के दोनों पैर टूट गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

2 min read
Google source verification
alwar love marriage

अस्पताल में भर्ती पीडि़त तेजप्रकाश (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के अलवर में प्रेम विवाह (Love Marriage) का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर कोर्ट में पेशी से ठीक पहले उसकी पत्नी के घरवालों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में युवक के दोनों पैर टूट गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना अलवर के अरावली विहार थाना इलाके की है। घायल युवक तेज प्रकाश सैनी मूल रूप से गंज खेरली के गारू गांव का रहने वाला है और फिलहाल अलवर के शास्त्री नगर में रहकर टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता है।

तेज प्रकाश ने बताया कि उसने अक्टूबर 2025 में अपने ही समाज की एक लड़की से प्रेम विवाह (Court Marriage) किया था। लड़की के घरवाले इस शादी के सख्त खिलाफ थे। शादी के बाद से ही यह मामला अदालत में चल रहा है। इस मामले में आगामी 19 तारीख को कोर्ट में दोनों पक्षों की पेशी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही ससुराल वालों ने युवक को रास्ते में घेर लिया।

टेल्को सर्किल के पास 15-16 लोगों ने घेरा

पीड़ित तेज प्रकाश के मुताबिक वह किसी काम से टेल्को सर्किल स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास से गुजर रहा था। तभी अचानक वहां गाड़ियों में भरकर आए 15 से 16 लोगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इन सभी लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे।

युवक का आरोप है कि हमलावर उसकी पत्नी के पीहर पक्ष (ससुराल) के लोग थे। उन्होंने बिना कुछ सोचे-समझे उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वह जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। इस हमले में युवक के दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके पैर फ्रैक्चर हो गए हैं।


अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग मौके पर जुटने लगे, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल तेज प्रकाश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित ने कहा है कि शादी के बाद से ही लड़की के घरवाले मुझे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे और दबाव बना रहे थे। कोर्ट में पेशी से पहले उन्होंने मुझ पर यह जानलेवा हमला करवाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और मौका-ए-वारदात पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।