
अलवर/रामगढ़। रकबर उर्फ अकबर की मौत के मामले में न्यायिक जांच के लिए राजगढ़ के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अमरसिंह चंपावत गुरुवार को रामगढ़ पहुंचे।
उन्होंने प्रशिक्षु आईपीएस एवं पुलिस उपाधीक्षक (दक्षिण) अनिल बेनीवाल से रकबर की मौत के मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद घटना के चश्मदीद गवाह सहित मृतक की जांच करने वाले चिकित्सक एवं मेल नर्स आदि के बयान नोट किए।
एसीजेएम चंपावत दोपहर करीब एक बजे रामगढ़ थाने पहुंचे। प्रशिक्षु आईपीएस बेनीवाल से बात के बाद उन्होंने शाम करीब चार बजे रामगढ़ मजिस्ट्रेट प्रकाश चंद मीणा के चैम्बर में बैठ पक्षकारों व गवाहों के बयान दर्ज किए।
उन्होंने घटना के चश्मदीद गवाह नवल किशोर शर्मा से शुरू से लेकर आखिर तक के घटनाक्रम पर दो घंटे पूछताछ कर बयान नोट किए। इसके बाद वे सामुदायिक चिकित्सालय पहुंचे और रकबर की जांच करने वाले ड्यूटी चिकित्सक डॉ. हसनअली व मेल नर्स सुरेन्द्र नारंग से बंद कमरे में करीब दस मिनट पूछताछ की।
उन्होंने ड्यूटी चिकित्सक से रकबर को अटैंड किसने किया? उन्हें फोन किसने किया? सहित कई सवाल पूछे। बाद में वे उस दिन के ओपीडी सहित इमरजेंसी रजिस्टर व उपस्थिति रजिस्टर की फोटो कॉपी लेकर राजगढ़ के लिए निकल गए।
गिरफ्तार आरोपियों का जांचा स्वास्थ्य-
उधर, कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक डॉ.निशान्त शर्मा ने गुरुवार सुबह थाना पहुंच गिरफ्तार आरोपी परमजीत सिंह, धर्मेन्द्र यादव व नरेश कुमार के स्वास्थ्य की जांच की। जांच में तीनों पूर्ण स्वस्थ मिले। इस मामले में जयपुर क्राइम ब्रांच से आई वंदना भाटी की ओर से की जा रही जांच भी जारी रही। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मृतक के कपड़े, कपड़ों पर लगी मिट्टी, खेत में मिली चप्पल एवं खेत की मिट्टी सहित अन्य सामग्री को एफएसएल जांच के लिए जयपुर भिजवाया जा रहा है।
Updated on:
27 Jul 2018, 11:06 AM IST
Published on:
27 Jul 2018, 11:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.