
alwar nikay chunav news निकाय चुनाव: दीपावली की राम राम के बहाने वोट मांग रहे हैं सम्भावित प्रत्याशी
अलवर. alwar nikay chunav news निकाय चुनाव नजदीक आते ही गलियां व मोहल्लों में सुबह से ही राम राम सा की गूंज सुनाई पडऩे लगी हैं। दावेदारों में चुनाव का ऐसा उत्साह कि अनजान को रोक राम राम सा कर वोट मांगने से परहेज नहीं करते। इतना ही नहीं गली-मोहल्लों में दीपावली की शुभकामनाओं के पोस्टर व बैनर भी खूब दिखाई पडऩे लगे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी दीपावली की शुभकामना के साथ वार्ड पार्षद के चुनाव में वोट की अपील भी दिखाई देने लगी है।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से प्रदेश में निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान का इंतजार है। निकाय चुनाव में पार्षद पद के दावेदारों ने चुनाव की घोषणा से पूर्व ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। निकाय चुनाव के ज्यादातर दावेदार वोट पक्का करने के लिए दीपावली त्योहार का जमकर उपयोग कर रहे हैं।
alwar nikay chunav news सुबह से रात तक राम राम सा
इन दिनों मोहल्लों में सुबह से ही घरों पर पार्षद का चुनाव लड़ रहे दावेदारों की पहुंंच शुरू हो जाती है। अपने समर्थकों के साथ सुबह ही दावेदार दीपावली त्योहार की राम राम करने घरों पर पहुंच रहे हैं। ये दावेदार पहले दीपावली की शुभकामना देते हैं, फिर परिवार के हाल चाल पूछ वार्ड से निकाय चुनाव में दावेदारी की चर्चा शुरू करते हैं। बातचीत में लोगों का मन टटोल लगे हाथ वोट देने की अपील भी कर जाते हैं। सुबह-शाम मोहल्लों में राम राम सा की यही गूंज सुनाई पड़ती है। देर रात तक भी दावेदार घरों पर दीपावली की शुभकामनाओं के नाम दस्तक देते दिखाई पड़ते हैं।
पोस्टर व बैनरों से भी जता रहे दावेदारी
घरों पर राम राम के अलावा दावेदार मोहल्लों व वार्डों में अपने नाम व फोटो के धनतेरस, दीपावली व गोवर्धन की शुभकामना वाले पोस्टरों व बैनरों से भी लोगों के समक्ष दावेदारी जताने में पीछे नहीं हैं। इन दिनों ज्यादातर वार्डों में कई दावेदारों के ऐसे पोस्टर व बैनर दिखाई पड़ते हैं।
सोशल मीडिया पर भी डाल रहे संदेश
पार्षद के दावेदारों के इन दिनों सोशल मीडिया पर फेसबुक पेज व फेसबुक पोस्ट डाल रहे हैं। यदि कोई दावेदार किसी पार्टी से दावेदारी जता रहा है तो वह पार्टी के बड़े नेताओं के साथ खुद की फोटो व दीपावली पर शुभकामना संदेश लिखी पोस्ट डाल रहे हैं। इन पोस्ट में लोगों से वोट व समर्थन की अपील भी शामिल है।
Published on:
24 Oct 2019 06:00 am
