
नगर निकाय चुनाव: टिकट को लेकर चुनावी संग्राम शुरू, कार्यालयों पर टिकटार्थियों का लगा मेला
अलवर. राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश में निकाय चुनाव की घोषणा करते ही जिले में राजनीतिक पार्टियों में चुनावी संग्राम शुरू हो गया है। राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों पर टिकटार्थियों का मेला लगने लगा है। निकाय चुनाव के प्रति लोगों में इस कदर उत्साह है कि भाजपा कार्यालय में अब तक 500 से ज्यादा टिकटार्थी आवेदन ले जा चुके हैं, वहीं कांग्रेस में पहले ही दिन करीब 125 टिकटार्थी आवेदन ले गए।
जिले में निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही राजनीतिक पार्टियां प्रत्याशी चयन में जुट गई हैं। कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दलों ने टिकट के लिए आवेदन मांगे हैं। भाजपा ने दीपावली के दिन से ही टिकट के आवेदन देने व लेने का कार्य शुरू कर दिया, वहीं कांग्रेस ने मंगलवार से टिकट के लिए आवेदन देना शुरू किया है। दोनों ही दलों के कार्यालयों पर टिकटार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं राजनीतिक दल मजबूत उम्मीदवार के लिए सर्वे एवं आब्जर्वर की रिपोर्ट आदि लेने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
भाजपा में आवेदन आज तक होंगे जमा
भाजपा ने टिकट के लिए आवेदन देने व लेने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित की है। भाजपा आवेदन वितरण प्रक्रिया से जुड़े पं. जलेङ्क्षसह व पवन जैन ने बताया कि मंगलवार शाम तक पार्टी कार्यालय से 500 से ज्यादा आवेदन वितरित किए जा चुके हैं। जबकि 250 से ज्यादा आवेदन भर कर आवेदकों की ओर से जमा भी कराए जा चुके हैं। पं. जलेसिंह ने बताया कि मंगलवार होने के कारण कम आवेदन जमा कराए गए हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में आवेदन जमा होने की उम्मीद है। उन्होंने टिकट के आवेदको की संख्या 600 के पार तक पहुंंचने की संभावना जताई।
कांग्रेस में एक नवम्बर तक जमा होंगे आवेदन
कांग्रेस ने भी टिकट के लिए इस बार आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। मंगलवार से शुरू हुई आवेदन वितरण की प्रक्रिया के तहत करीब 125 आवेदनों का वितरण हुआ। पार्टी कार्यालय पर सुबह से ही टिकट के आवेदन लेने वालों की भीड़ रही। इनमें से आधे से ज्यादा आवेदकों ने आवेदन भरकर कार्यालय में जमा भी करा दिए। उम्मीद है कि हर वार्ड में चार से पांच आवेदकों के बीच टिकट का चयन किया जाएगा। पार्टी के सुभाष चौक स्थित कार्यालय पर आवेदन वितरण कर रहे मंडल अध्यक्ष जोगेन्द्र कोचर का कहना है कि आवेदन एक नवम्बर तक लिए जाएंगे।
भाजपा कराएगी वार्डों में सर्वे
टिकट के आवेदन मिलने पर भाजपा की ओर से 31 अक्टूबर व एक नवम्बर तक वार्डों में आवेदकों के नामों पर सर्वे कराया जाएगा। यह सर्वे पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराया जाएगा। इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही वार्ड में प्रत्याशी के नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसके बाद यह पैनल पार्टी के प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा, वहां से मुहर लगने के बाद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी दो या तीन नवम्बर तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने की संभावना है।
कांग्रेस ने वार्डों से मंगाई रिपोर्ट
निकाय चुनाव में कांग्रेस ने मजबूत प्रत्याशी चयन के लिए आब्जर्वर को मंगलवार को वार्डों में भेजा है। ये आब्जर्वर वार्डों में पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों से जिताऊ उम्मीदवार के नाम पर सर्वे कर अपनी रिपोर्ट चुनाव संचालन समिति व जिला संगठन को देंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा दो या तीन नवम्बर तक किए जाने की उम्मीद है।
प्रत्याशी चयन का कार्य तेजी परकांग्रेस में प्रत्याशी चयन का कार्य तेजी पर है। टिकट के लिए आवेदन देने व लेने के अलावा ऑब्जर्वर से वार्डों की रिपोर्ट ली जा रही है। जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
योगेश शर्मा
कार्यकारी जिलाध्यक्ष कांग्रेस अलवर
सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों का चयन
भाजपा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। टिकट के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जल्द ही वार्डों की सर्वे रिपोर्ट लेकर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
संजय सिंह नरूका
जिलाध्यक्ष, भाजपा अलवर
Published on:
30 Oct 2019 06:00 am
