5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महिलाओं को मिली अलवर के निकायों की चुनाव कमान

जिले में निकाय चुनाव की कमान समीपवर्ती दौसा जिले की महिला नेता संभाल रही हैं। कांग्रेस की कमान जिला प्रभारी मंत्री ममता भूपेश के हाथ है, वहीं भाजपा ने सांसद जसकौर मीणा को निकाय चुनाव की कमान सौंपी है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Oct 31, 2019

महिलाओं को मिली अलवर के निकायों की चुनाव कमान

महिलाओं को मिली अलवर के निकायों की चुनाव कमान

अलवर. जिले में निकाय चुनाव की कमान समीपवर्ती दौसा जिले की महिला नेता संभाल रही हैं। कांग्रेस की कमान जिला प्रभारी मंत्री ममता भूपेश के हाथ है, वहीं भाजपा ने सांसद जसकौर मीणा को निकाय चुनाव की कमान सौंपी है। दोनों ही महिला प्रभारी बुधवार को अलवर पहुंची और अपने-अपने दल की बैठक कर निकाय चुनाव की रणनीति पर पदाधिकारियों व पर्यवेक्षकों से चर्चा की।

कांगेस प्रभारी बोली-पैराशूटर को टिकट नहीं

कांग्रेस की जिला निकाय प्रभारी ममता भूपेश ने मोती डूंगरी के समीप एक होटल में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व ऑब्जर्वर की बैठक ली। उन्होंने पार्टी की ओर से निकाय चुनाव के लिए तय रणनीति की जानकारी दी और अलवर में नगर परिषद चुनाव को लेकर टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार संचालन की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे हैं। इन आवेदनों के आधार पर वार्ड में पर्यवेक्षक जाकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेंगे। जिस आवेदक की सर्वे रिपोर्ट सबसे अच्छी होगी, उसे पार्टी टिकट देगी। जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि पार्टी जिताऊ को टिकट देगी तथा पैराशूटर को टिकट नहीं दिया जाएगा। टिकट वितरण में कांग्रेस कार्यकर्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।

वार्ड के निवासी व आरक्षित वर्ग को ही टिकट में प्राथमिकता

भाजपा की अलवर जिला निकाय प्रभारी सांसद जसकौर मीणा ने पार्टी के केडलगंज स्थित जिला कार्यालय पर पर्यवेक्षकों की बैठक ली। उन्होंने टिकट वितरण में पारदर्शिता बरतने, वार्ड के निवासी को ही टिकट वितरण में प्राथमिकता देने, जिस वर्ग के लिए वार्ड आरक्षित है, उसी वर्ग के आवेदक को टिकट में प्राथमिकता देने को कहा गया है। पर्यवेक्षकों से निष्पक्ष सर्वे कर रिपोर्ट गुरुवार दोपहर तक प्र्रस्तुत करने को कहा गया है। बैठक में निर्णय किया कि किसी कारण वार्ड के बाहर एवं आरक्षित वर्ग के अलावा प्रत्याशी का चयन जरूरी हुआ तो समिति इस पर निर्णय करेगी। जिले में तीनों निकायों के संभावित प्रत्याशियों का पैनल गुरुवार शाम तक तैयार कर जयपुर मुख्यालय भिजवाने को कहा गया है। निकाय चुनाव प्रभारी ने कहा कि पार्टी जिताऊ उम्मीदवार का ही चयन करेगी।

दो नवम्बर को पहली सूची जारी होने की उम्मीद

कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि पार्टी जिले के तीनों ही निकायों के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची संभवत: दो नवम्बर को जारी कर देगी। पार्टी एक नवम्बर तक टिकट के लिए आवेदन लेगी।

प्रत्याशियों का पैनल आज जयपुर भिजवाने के प्रयास

भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह नरूका ने बताया कि पार्टी में प्रत्याशी चयन के लिए आवेदन लेने का कार्य पूरा हो चुका है। गुरुवार दोपहर तक पर्यवेक्षकों से सर्वे रिपोर्ट देने को कहा गया है तथा शाम को सर्वे रिपोर्ट के आधार पर संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर जयपुर भिजवाने के प्रयास हैं। प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जयपुर मुख्यालय से होने की संभावना है।