
अलवर में दिल्ली का असर, भिवाड़ी की हवा फिर खतरनाक
अलवर. दिल्ली और आस-पास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढऩे का असर भिवाड़ी और अलवर में दिखने लगा है। मंगलवार को भिवाड़ी और अलवर का एयर क्वालिटी इंडेक्स एक बार फिर से बढ़ गया। जिसमें मुख्य प्रदूषक तत्व पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा सामान्य से अधिक दर्ज की गई। भिवाड़ी की हवा में हानिकारक प्रदूषक तत्व खतरनाक स्तर पर रहा। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अनुसार मंगलवार को भिवाड़ी का एयर क्वालिटी इंडेक्स 330 दर्ज किया गया। इस दौरान पीएम 10 का स्तर 448 और पीएम 2.5 का स्तर 215 दर्ज किया गया। वहीं अलवर शहर में वायु गुणवत्ता भी थोड़ी खराब हुई। अलवर शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 163 रहा। जिसमें पीएम 10 का स्तर 107 और पीएम 2.5 का स्तर 98 दर्ज किया गया।
सुबह के वक्त दिखा अधिक असर
मंगलवार को प्रदूषण का असर सुबह के वक्त अधिक दिखा। सुबह तापमान में ठंडक होने के कारण स्मॉग की लेयर बन जाने से हवा में प्रदूषक तत्व की मात्रा अधिक रही। ऐसे में सुबह के वक्त विजिबिलिटी भी साफ नहीं थी। आमतौर पर शहर से बाला किला साफ नजर आता है, लेकिन मंगलवार को अधिकांश समय स्मॉग की लेयर रही, जिससे बाला किला नजर नहीं आया।
कुछ दिन और खराब रहेगी हवा की गुणवत्ता
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता आगामी कुछ दिन और खराब रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिन हवा की गति धीमी होगी, इससे हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व की संख्या बढ़ सकती है।
Published on:
13 Nov 2019 06:00 am
