5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अलवर में बोले गहलोत, कहा-देश में घृणा और हिंसा का माहौल, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अलवर के गोविंदगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि इस समय देश में घृणा और हिंसा का माहौल है
less than 1 minute read
Google source verification

अलवर

image

Hiren Joshi

May 02, 2019

Ashok Gehlot Rally In Govindgarh Alwar

अलवर में बोले गहलोत, कहा-देश में घृणा और हिंसा का माहौल, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अलवर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को गोविंदगढ़ में आयोजित सभा में कहा कि कांग्रेस की विकास में रुचि है। वह बदले की भावना नहीं रखती। जबकि भाजपा सरकार देश में नफरत, हिंसा और घृणा का माहौल बनाती है।
गहलोत ने कहा कि आज प्रधानमंत्री सेना और राष्ट्रभक्ति के नाम पर वोट मांगते हैं। देश की जनता को राष्ट्रभक्त होने का सर्टिफिकेट प्रधानमंत्री मोदी या उनकी पार्टी देगी क्या? आज लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है और देश खतरे में है। इसलिए एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। कांग्रेस सरकार में संसद में देश के किसानों के लिए अलग से बजट पेश होगा। राहुल गांधी देश के किसानों का भविष्य सुरक्षित कर रहे हैं। वे मोदी की तरह झूठ और जुमलेबाजी
नहीं करते।

चांद सूरज से काम नहीं चलता

भाषण के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत की जुबान फिसल गई। वे अलवर के पूर्व सांसद महंत चांदनाथ को चांद खां बोल गए। बाद में बात को संभालते हुए बोले कि चांद और सूरज से काम नहीं चलेगा। उन्हें प्रणाम करो और लोकसभा प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह की तरफ इशारा करते हुए बोले कि आपके बीच के से ही चलेगा।

सरकार बदलते ही काम रोक दिए

गहलोत ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने अलवर सहित राज्यभर में खूब विकास कराए, लेकिन भाजपा सरकार ने विकास के काम रोक दिए। इसी कारण अलवर को चम्बल का पानी नहीं मिला। अलवर में मेडिकल कॉलेज, कोटकासिम में एयरपोर्ट व मेट्रो ट्रेन और मिनी सचिवालय आदि काम भाजपा सरकार में अटके रहे। सभा को अलवर लोकसभा प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह, सांसद डॉ. करणसिंह यादव, श्रम मंत्री टीकाराम जूली, विधायक सफिया खान, जौहरीलाल मीणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान, श्वेता सैनी, डॉ. आरसी यादव, पीसीसी सचिव अजीत यादव, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी, रिंकी वर्मा, दीनबंधु शर्मा व बलराम यादव आदि ने भी सम्बोधित किया।