
Crude Oil Case: नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के समीप बेलनी मार्ग पर क्रूड ऑयल चोरी करने का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक खेत को खेती-बाड़ी के लिए किराए पर लिया गया। फिर गुजरात से हरियाणा के पानीपत जा रही सप्लाई लाइन को काट कर क्रूड ऑयल चोरी किया गया।
क्रूड ऑयल चोरी करने वाली गैंग ने किराए पर लिए खेत से सप्लाई लाइन तक पक्की सुरंग खोदी और सप्लाई लाइन पर वाल्व लगा कर बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल चोरी किया। मामला दर्ज होने के बाद इसकी जांच एसओजी को सौंपी गई है। मंगलवार को एसओजी व स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहां के दौरान मौके पर कुछ सामान मिला है, लेकिन ऑयल चोरी करने वाले फरार हो गए।
घटना स्थल पर मिले सीसीटीवी की डीवीआर नहीं मिली। एसओजी के डीएसपी का मानना है कि घटना स्थल से दूर बैठे सरगना के जरिए हाई क्वालिटी मोबाइल सिस्टम से ऑपरेट करते हुए चोरी को अंजाम दिया गया।
8 फीट गहरी व 4 फीट चौड़ी सुरंग… किराए पर लिए खेत से सप्लाई लाइन तक करीब 8 फीट गहरी व चार फीट चौड़ी सुरंग खोदी गई। सुरंग में सीमेंट के ब्लॉकों से पक्की चिनाई की गई थी। सुरंग में बिजली की फिटिंग व कैमरे भी लगाए गए। सप्लाई लाइन तक वाल्व लगा बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। जब तक पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी फरार हो चुके थे।
एसओजी के जांच अधिकारी ने बताया कि क्रूड ऑयल सप्लाई लाइन का नियमित सप्लाई का प्रेशर 26 दिसंबर को कम होकर लेवल गिर गया। इस पर कम्पनी प्रबंधन को लाइन से ऑयल चोरी होने का संदेह हुआ। इसकी जांच कम्पनी की ओर से स्वयं के स्तर पर की गई। चोरी शाहजहांपुर के टोल प्लाजा के समीप बेलनी मार्ग से होने का मामला सामने आने पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन रेवाड़ी के सह प्रबंधक हेमंत कुमार की ओर से शाहजहांपुर थाने में ऑयल सप्लाई लाइन से क्रूड ऑयल चोरी होने की रिपोर्ट दी।
Updated on:
8 Jan 2025, 7:47 AM IST
Published on:
8 Jan 2025, 7:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.