
विधानसभा चुनाव आए नजदीक तो दावेदारों के समर्थक पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह से मिलने पहुंचे, भीड़ से सडक़ पर लग गया जाम
अलवर. विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार बड़े नेताओं से मिलने का कोई अवसर नहीं गंवाना चाहते। यही कारण है कि विजय दशमी पर शुक्रवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह जब राजपूत छात्रावास में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे तो कांग्रेस टिकट के दावेदार अपने समर्थकों के साथ वहां भी जा पहुंचे। वाहनों की रेलमपेल के चलते छात्रावास के बाहर रोड पर कुछ समय के लिए जाम के हालात बन गए।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंह विजय दशमी पर अलवर में राजपूत समाज की ओर से आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में वे कोटकासिम के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व सिंह ने सुबह अपने निवास फूलबाग में टिकट के दावेदारों व कार्यकर्ता से चर्चा की। बाद में वे राजपूत छात्रावास पहुंचे तो यहां भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सिंह यहां भी लोगों से मिले। इस कारण सडक़ पर लोगों व वाहनों की भीड़ जमा हो गई। सिंह के यहां से जाने के बाद ही लोग वहां से लौटे। राजगढ़, मुण्डावर सहित कई अन्य विधानसभा क्षेत्रों से टिकट मांग रहे दावेदार अपने समर्थकों के साथ छात्रावास के बाहर मौजूद थे।
Updated on:
20 Oct 2018 12:47 pm
Published on:
20 Oct 2018 12:47 pm
