
राजस्थान के इस गांव में पहली बार घोड़ी पर चढ़ा दलित दूल्हा, पुलिस सुरक्षा में निकली बारात
अलवर जिले के थानागाजी में सोमवार रात दलित दूल्हे की निकासी पुलिस पहरे के बीच निकाली गई। इस दौरान चार थानों की पुलिस मौजूद रही। पुलिस की मौजूदगी में शादी निर्विघ्न सम्पन्न हुई। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में पहली बार दलित दूल्हा घोड़ी पर चढ़ा है। दलित दूल्हे के घोड़ी पर न चढऩे की कई साल बाद परम्परा टूटी है। दलित दूल्हे के घोड़ी पर चढकऱ निकासी के दौरान किसी अनहोनी की आशंका के चलते लडक़ी के पिता ने प्रशासन से मदद की गुहार की थी।
जानकारी के अनुसार गत 13 मार्च को तेजाराम पुत्र छोटूराम बलाई निवासी बसई अभयराम तहसील थानागाजी ने जरिए इस्तगासा परिवाद स्थानीय थाना पुलिस ने पेश किया कि उसकी पुत्री सोनम बाई का विवाह 15 मार्चको संपन्न होने जा रहा है और गांव के एक समाज विशेष के कुछ लोग घोड़ी पर निकासी लेकर आने पर विरोध जता रहे हैं। लडक़ी के पिता ने शादी में कुछ अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन से सहयोग की मांग की थी। इस पर स्थानीय थाना थानाधिकारी धीरेंद्र कुमार की ओर से कांस्टेबल मनोज कुमार से कराई जांच में मामला सही पाया गया। बाद में थानाधिकारी ने एसडीएम थानागाजी को रिपोर्ट पेश की। इस पर उपखंड अधिकारी डॉ.नवनीत कुमार ने धमकी देने वाले आरोपियों रघुवीर सिंह पुत्र प्रताप सिंह, भैरू सिंह पुत्र प्रताप सिंह, सवाई सिंह पुत्र गणपत सिंह, पूरन सिंह पुत्र उमराव सिंह को समन के माध्यम से पाबंद करवाया। इसके बाद पुन: धमकी देने पर दलित दूल्हे संजय कुमार के पिता राजकुमार बुनकर निवासी बाड़ी जोड़ी शाहपुरा ने भी 15 मार्च को लडक़ी के पिता तेजाराम व अन्य लोगों के साथ उपखंड अधिकारी के समक्ष पेश होकर गुहार लगाई। जिस पर उपखंड अधिकारी ने आश्वासन दिया कि शादी में किसी भी अनहोनी को नहीं होंगे देंगे और पुलिस की मौजूदगी में निकासी का आश्वासन दिया।
इसके बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। चार थानों थानागाजी, प्रतापगढ़, मालाखेड़ा व नारायणपुर थाने की पुलिस की मौजूदगी में दलित दूल्हे संजय कुमार को घोड़ी पर बैठाकर निकासी निकाली गई और शादी सम्पन्न कराई गई। इस दौरान उखण्डाधिकारी डॉ. नवनीत कुमार के साथ थानाधिकारी थानागाज़ी धीरेन्द्र कुमार, एएसआई सुरेंद्र कुमार सहित थानागाज़ी व मालाखेड़ा थानों से पुलिसकर्मी व क्यूआरटी के जवान मौजूद रहे।
Published on:
16 Mar 2021 12:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
