
मंदिरों व घरों में किया दीपदान
अलवर. अयोध्या में राम मंदिर मामले पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से सुनाए गए फैसले पर शनिवार को शहर में लोगों ने खुशी जताई। लोगों ने फैसले को स्वागत योग्य बताया और सभी को इस एेतिहासिक फैसले के सम्मान करने की अपील की। विभिन्न संगठनों की ओर से शाम को होपसर्कस स्थित राम मंदिर पर महाआरती की गई। होपसर्कस पर करीब ५०० दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य संगठनों के सदस्य शामिल हुए। इधर, शहर के मोहल्लों व कॉलोनियों में भी शाम को अनेक लोगों ने घरों के बाहर दीपदान किया। मंदिरों में शाम को होने वाली आरती में भी श्रद्धालुओं ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई और दीपदान किया। अनेक मंदिरों में इस दिन बैंडबाजे के साथ आरती की गई। होपसर्कस पर आयोजित कार्यक्रम में विभाग के संघ के विभाग संचालक केके गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला देश की एकता व अखंडता के लिए अच्छा है। फैसले को सभी स्वीकार करना चाहिए। सभी वर्गों व समुदाय के लोगों को मिलकर सौहाद्र्र बनाए रखने के प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में संघ विभाग प्रचारक मुकेश कुमार, पूर्व जिला मंत्री गिरधारी मिश्रा, एबीवीवी के संगठन मंत्री शमशेर सिंह, राजगढ़ से आए डॉ. केएम गुप्ता आदि उपस्थित थे।
इधर राजर्षि कॉलेज के मुख्यद्वार पर स्थित मंदिर में भी शाम को मंदिर समिति की ओर से दीप प्रज्जवलन व महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें मंदिर समिति व कॉलोनी वासियों की ओर से १०१ दीप जलाए गए। अयोध्या मामले में शनिवार सुबह सुप्रीम कोर्ट की ओर से फैसला सुनाने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय में संघ के अनेक पदाधिकारी व स्वयंसेवक एकत्र हुए। यहां सभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को एेतिहासिक व स्वागत योग्य बताया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर सभी लोगों से जिले में सौहाद्र्र व शांति बनाए रखने की अपील की।
Published on:
10 Nov 2019 05:00 am
