
तिजारा से दुर्रूमियां को कांग्रेस ने फिर दिया टिकट, इस वजह से दुर्रूमियां को मिला है चुनाव लडऩे का मौका
राजनीतिक दृष्टि से अलवर जिले के महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र तिजारा में कांग्रेस ने फिर बड़े कद के नेता एमामुद्दीन खां दुर्रूमियां पर दांव खेला है। मेवात में शामिल इस विधानसभा क्षेत्र में अल्पसंख्यक वोटों की संख्या अच्छी खासी है तथा पार्टी ने इसी जनाधार को देखते हुए संघर्षपूर्ण सीट पर पूर्व मंत्री दुर्रूमियां को चुनाव मैदान में उतारा है। वे यहां से पहले भी विधायक रह चुके हैं। तिजारा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस टिकट मांगने वाले दावेदारों की कतार तो ज्यादा लंबी नहीं थी,
लेकिन यहां पार्टी का टिकट पहले दो बड़े दावेदारों के बीच एवं बाद में सपा से गठबंधन के चलते अटका था। यहीं से फजल हुसैन भी कांग्रेस टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने जनाधार को देखते हुए दुर्रुमियां पर विश्वास जताया है। कांग्रेस की परम्परागत सीट रहने के बाद भी गत विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा के मामनसिंह यादव जीत दिलाने में कामयाब रहे।
टिकट मिलते ही पहली बात
तिजारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दुर्रुमियां ने प्रत्याशियों की सूची घोषित होने के बाद कहा कि क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी व विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। पिछले पांच सालों में भाजपा ने जो आपसी भाईचारा बिगाड़ा है, उस भाईचारे को बनाकर सभी का समान विकास करेंगे। जनता की मूलभूत सुविधाएं सहित बेरोजगारी खत्म करना व उनके शासन में रुके काम आईटीआई व नर्सिंग कॉलेज को शुरू कराना प्राथमिकताएं होंगी।
प्रत्याशी का ‘आधार’
आमदनी: पुश्तैनी जायदाद व परिवार की आय
सोशल मीडिया: सक्रिय हैं।
पहचान: कांग्रेस में लंबे समय से हैं और अनेक आंदोलनों में सक्रिय रहे।
अनुभव: राज्यसभा सदस्य व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।
कोर टीम: कांग्रेस पार्टी
अक्सर कहां मिलते हैं: तिजारा स्थित निवास या जयपुर स्थित निवास पर।
Published on:
19 Nov 2018 09:13 am
