
अलवर जंक्शन पर लगी आग, उठने लगा धुआं तो लोग भागने लगे बाहर, मचा हडक़ंप
अलवर जंक्शन पर आज दोपहर साढे 12 बजे अचानक आग लग गई। अलवर जंक्शन की छत पर सोलर पैनल की वायर में शॉर्ट सर्किट हो गया, इसी वजह से यह आग लगी। तार में से धुंआ उठने लगा तो स्टेशन के बाहर खड़े लोगों ने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। दूसरी ओर रेलवे पुलिस के जवानों ने भी धुआं उठता देखा तो वे भी छत पर पहुंच गए। इसके बाद विद्युत व अन्य कर्मचारी स्टेशन की छत पर पहुंचे। आग पर पौने 1 बजे काबू पा लिया गया। हैरानी की बात यह है कि रेलवे स्टेशन की छत पर सोलर पैनल लगे हुए हैं, ऐसे में आग वाले स्थान पर पहुंचने में मुश्किल हुई।
आग पर नियंत्रण के लिए रेलवे पुलिस व अन्य कर्मचारी अग्निशामक यंत्र लेकर पहुंचे। स्टेशन पर आग की खबर मिलते ही यात्रियों में हडक़ंप मच गया और वे स्टेशन से बाहर निकलने लगे। जब आग पर काबू पा लिया गया, दमकल उसके बाद पहुंची। पत्रिका की ओर से स्टेशन के बाहर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया जा रहा है, इसी अतिक्रमण की वजह से आज दमकल को भी स्टेशन तक पहुंचने में समय लगा।
Updated on:
08 Feb 2019 02:25 pm
Published on:
08 Feb 2019 02:16 pm
