
फ्रीडम 251 मोबाइल कंपनी के मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, गैंगरेप के आरोपितों के साथ करता था यह काम
भिवाड़ी. पुलिस ने गैंगरेप के एक मामले को पैसे लेकर रफा-दफा करने के मामले का खुलासा किया है। यह गैंगरेप की घटना गत 5 मई को भिवाड़ी के एक होटल में हुई थी। 251 रुपए में मोबाइल फोन लॉच कर तहलका मचा देने वाली कंपनी के मालिक मोहित गोयल को गैंगरेप के आरोपितों से पैसे वसूलते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक शॉपिंग मॉल में गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला, मोहित गोयल और उसके साथी विकास मित्तल को आरोपितों से 25 लाख रुपए लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
शॉपिंग मॉल में पैसे वसूलते हुए महिला सहित तीनों सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। जैसे ही पुलिस वसूली कर रही कथित गैंगरेप पीडि़ता को लेकर शॉपिंग मॉल से बाहर निकलने लगी तो गुस्साए आरोपितों के घरवालों ने उसकी जमकर धुनाई कर डाली।
हनीट्रैप में फंसा करते हैं वसूली
पुलिस ने आशंका जताई है कि मोहित गोयल अपने अन्य साथियों के साथ हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट चलाता है। रैकेट की महिला सदस्य अमीर कारोबारियों को फंसाती है। फिर केस वापस लेने के नाम पर आरोपितों से करोड़ों रुपए वसूले जाते हैं। घरवालों ने महिला और उसके साथियों से मोबाइल पर पैसे के लेन-देन को लेकर हुई पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्ड भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस शॉपिंग मॉल में लगे सीसीटीवी के फुटेज, 25 लाख रुपए की रकम और कई अन्य दस्तावेज जब्त कर महिला से पूछताछ कर रही है।
गैंगरेप आरोपितों से वसूले जा चुके 1.1 करोड़ रुपए
गैंगरेप के आरोपितों के परिजनों का कहना है कि कथित पीडि़ता अपने साथियों के साथ पैसे की उगाही के लिए उन पर दबाव बना रही थी। पीडि़ता और उसके साथियों ने आरोपितों के परिवार के सामने पहले 10 करोड़ रुपए की डिमांड रखी। मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपितों का परिवार गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला को 2.5 करोड़ रुपए देने को तैयार हो गए। गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला ने अब तक आरोपित परिवार से 1.1 करोड़ रुपए की वसूली कर ली है।
परिवार वालों के मुताबिक शिकायत करने वाली महिला कुछ महीने पहले आरोपितों के संपर्क में आई और उसने बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है। एक इवेंट के सिलसिले में महिला पांचों आरोपितों के साथ भिवाड़ी आई, जहां वे एक होटल में ठहरे और अगले ही दिन महिला ने पांचों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज करा दिया।
ऐसे फंसे हनीट्रैप रैकेट के मास्टरमाइंड
परिवार वाले केस रफा-दफा करने के लिए उन्हें पैसे देने को राजी हो गए, लेकिन पहली पेशगी लेने के बाद जब डिमांड और बढऩे लगी तो परिवार वालों को इन पर शक हुआ। आरोपितों के परिजनों ने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने बताया कि रविवार को वह अपने साथियों के साथ गैंगरेप आरोपित से 30 लाख रुपए की वसूली करने नेताजी सुभाष प्लेस के शॉपिंग मॉल में आई थी।
Published on:
12 Jun 2018 08:48 am
