
राजस्थान में हरियाणा की शराब की बढ़ रही तस्करी, इस तरह राजस्थान में पहुंच रही करोड़ों की शराब, पुलिस को इस तरह दे रहे चकमा
अलवर. राजस्थान में अलवर के रास्ते हरियाणा मार्का शराब की तस्करी बड़े स्तर पर हो रही है। शराब तस्करी रोकने के लिए प्रयास भी होते हैं, लेकिन फिर भी हरियाणा मार्का शराब की तस्करी नहीं रुक पा रही है। इसके पीछे प्रमुख वजह यह है कि पुलिस और आबकारी विभाग शराब तस्करों के जाल को नहीं भेद पा रही है। इनकी कार्रवाई केवल शराब जब्ती और चालक की गिरफ्तारी तक ही सीमित बनी हुई है।
शराब तस्कर हरियाणा मार्का शराब की पेटियों को ट्रकों में लोड करा हरियाणा से राजस्थान के विभिन्न जिलों के लिए रवाना करते हैं। नीचे शराब की पेटियां होती हैं और उसके ऊपर सब्जी व खाली कार्टन रख देते हैं, जिससे कि रास्ते में पुलिस और आबकारी विभाग उन्हें नहीं पकड़ सके। हरियाणा से लेकर गंतव्य स्थान तक पहुंचने के बीच में ट्रक के कई चालक बदल दिए जाते हैं। ताकि पुलिस व आबकारी विभाग शराब से भरा ट्रक पकड़े तो चालक पुलिस व आबकारी विभाग को यह नहीं बता सके कि ट्रक कहां से किसने भेजा है और कहां किसके पास जाएगा।
ट्रक चालक को भी नहीं पता होता
हरियाणा मार्का शराब से भरा ट्रक लेकर एक चालक 100 से 150 किलोमीटर तक ले जाता है। इसके बाद दूसरे, तीसरे और चौथे चालक के हाथों तक ट्रक पहुंचता है। इस काम के लिए चालक को मोटी मजदूरी मिलती है तथा उसे यह भी नहीं बताया जाता है कि ट्रक के अंदर क्या माल भरा हुआ है। मोटी मजदूरी के लालच में चालक बिना कुछ पूछे ट्रक को लेकर रवाना हो जाता है।
न कॉल डिटेल और न शराब फैक्ट्री की जांच
पुलिस और आबकारी विभाग हरियाणा मार्का शराब से भरे ट्रक को जब्त को चालक को गिरफ्तार कर वाहवाही लूटने लगती है, लेकिन कभी भी न तो चालक की कॉल डिटेल और न ही जब्त की गई शराब किस फैक्ट्री और स्टॉक में से आई है इसके बारे में पड़ताल नहीं करती है। जिसके कारण ही पुलिस और आबकारी दोनों तक शराब तस्करों के पूरे नेटवर्क तक नहीं पहुंच पाते हैं।
रेट का लगभग आधा अंदर:
हरियाणा मार्का और राजस्थान मार्का शराब की दरों में लगभग आधा अंतर है। हरियाणा मार्का शराब सस्ती होने के कारण राजस्थान सहित कई प्रदेशों में इसकी खूब तस्करी होती है।
केस-1
आबकारी विभाग की शाहजहांपुर चैकपोस्ट पर पिछले दिनों मार्च माह में ही शराब से भरा ट्रक पकड़ा गया। जिसमें 172 पेटी हरियाणा मार्का शराब भरी हुई थी। आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया, लेकिन शराब तस्कर आबकारी की गिरफ्त से दूर हैं।
केस-2
आबकारी विभाग की महुआ चैकपोस्ट पर मार्च माह में ही आबकारी दल ने 325 पेटी हरियाणा मार्का शराब से भरा ट्रक पकड़ा। आबकारी दल ने शराब जब्त कर चालक को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन विभाग के अधिकारी यह अब तक पता नहीं लगा सके कि यह शराब कहां से किसने भेजी थी और कहां किसके पास जा रही थी।
&आबकारी विभाग ने अलवर में मार्च माह में अवैध शराब के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई की हैं। विभाग की शाहजहांपुर और महुआ चैकपोस्ट पर हरियाणा मार्का शराब की पेटियों से भरे दो ट्रक पकड़ चालकों को गिरफ्तार किया। कॉल डिटेल और जब्त शराब किस फैक्ट्री में तैयार हुई, उसके आधार पर तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
- हरिशंकर शर्मा, उपाधीक्षक, आबकारी विभाग, अलवर।
Published on:
05 Apr 2019 03:20 pm
