
शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग
अलवर. खैरथल. कस्बे के वार्ड नम्बर एक खातीवाड़ा मोहल्ले में रविवार सुबह चार बजे शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। आग से घर में रखे विद्युत उपकरण सहित अन्य सामान जल गया। घटना के समय परिवार सोया हुआ था।
जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड नंबर एक में राजेश पुरोहित के मकान में सुबह चार बजे आग लग गई। दो मंजिले मकान में मालिक अपने परिवार सहित निचली सतह पर बने कमरों में सोया हुआ था। जबकि आग ऊपरी मंजिल पर लगी। लोगों ने शोर मचाया तो राजेश की आंख खुली तो देखा कि मकान पूरी तरह आग की चपेट में था। आनन फानन में परिजनों को उठाया और भाग कर जान बचाई। लोगों ने बिजली बंद कराकर पानी फेंक कर आग पर काबू पाया। आग से टीवी, फ्रीज, कूलर, वाशिंग मशीन, ज्यूसर मिक्सर सहित खाने पीने का समान जल गया। गनीमत रही कि गैस सिलेण्डर आग पकडऩे के बाद भी फटा नहीं अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। लोगों ने सिलेण्डर को उठाकर पानी के टैंक में डाल दिया। संयोगवश इस वार्ड में पेयजल सप्लाई चालू थी। लोगों ने अपनी मोटरें चलाकर नलियों से पानी फेंक कर आग पर काबू पाया। आग की सूचना पर अग्निशमन विभाग को भी दी लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया।
Published on:
04 Nov 2019 06:00 am
