
राजस्थान पुलिस (फाइल फोटो-पत्रिका)
अलवर। खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद प्रेमिका समेत 8 जनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज परिवार के लोगों ने प्रेमी युवक को रिश्ते की बात करने के लिए अपने घर बुलाया और फिर उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। दो दिन बाद उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
मृतक युवक अलवर के किथूर गांव का निवासी था, जबकि उसकी प्रेमिका किशनगढ़बास के खानपुर मेवान की निवासी है। पुलिस का कहना है कि किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशनगढ़बास थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि अलवर के किथूर गांव निवासी हरिनारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके 25 वर्षीय पुत्र प्रमोद को 12 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे खानपुर मेवान निवासी पूरण जाटव ने अपनी बेटी संगीता से रिश्ते को लेकर बातचीत करने के लिए बुलाया था। प्रमोद और संगीता पहले साथ पढ़ते थे और एक-दूसरे को जानते थे।
आरोप है कि खानपुर पहुंचने पर पूरण और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रमोद पर संगीता से दूर रहने और सभी तरह के संबंध समाप्त करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रमोद को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पूरण, अशोक, कविता, संगीता, अंजली, वर्षा, पोला और धनराज ने मिलकर प्रमोद को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया।
प्रमोद की तबीयत बिगड़ने पर उसे अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 14 जुलाई को तड़के करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी ने यह भी बताया कि मृतक प्रमोद के खिलाफ उसकी प्रेमिका संगीता ने पहले भी एक मामला दर्ज कराया था। वहीं, प्रमोद के परिजनों का आरोप है कि संगीता ने प्रमोद से अपने जीजा के बैंक खाते में करीब 90 हजार रुपए भी ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
15 Jul 2026 10:36 pm
Published on:
15 Jul 2026 08:06 pm
