
अलवर में फिर होने लगी हाइवे पर लूट की घटनाएं, बदमाशों ने गाड़ी के शीशे पर डंडा मारकर किया लूट का प्रयास
अलवर. भिवाड़ी-अलवर हाइवे पर शनिवार देर रात टपूकड़ा के समीप कुछ बदमाशों ने कार सवार व्यापारियों को लूटने का प्रयास किया। बदमाशों ने व्यापारियों की कार पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी कार का आगे का शीशा चटक गया। चालक की सूझबूझ के कारण कार का संतुलन नहीं बिगड़ा और वारदात होने से बच गई। इस सम्बन्ध में पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी व्यापारी सूरज गुप्ता, उनके पिता सतीश गुप्ता और पिता के दोस्त आनंद सिंह शुक्रवार को गुजरात से अलवर आए और कार में सवार होकर बिजनेस के काम से दिल्ली गए। शनिवार रात वह दिल्ली से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे टपूकड़ा के नजदीक तीन-चार बदमाशों ने उनकी कार के ऊपर डंडे से हमला कर दिया। डंडा उनकी कार के शीशे के किनारे पर पड़ा और शीशा चटक गया। कार चालक सूरज गुप्ता ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ा दी, जिससे वे बदमाशों के हाथ नहीं लगे और सुरक्षित अलवर के एनईबी निवासी अपने परिचित के घर पहुंच गए। सूरज गुप्ता ने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन इस वक्त गुजरात में रहते हुए बिजनेस करते हैं।
नहीं मिली पुलिस की गाड़ी
व्यापारी सूरज गुप्ता, सतीश गुप्ता और आनंद सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह कार लेकर अलवर की तरफ दौड़े। इस दौरान करीब 15 से 20 किलोमीटर तक उन्हें पुलिस की कोई गाड़ी नहीं मिली। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर पहले राहगीरों से लूटपाट की काफी वारदात होती थी। पुलिस की सख्ती के बाद मार्ग पर वारदातें रुक गई, लेकिन अब फिर से बदमाशों के हौंसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं।
Published on:
07 Jan 2019 01:36 pm
