
4 नहीं इतने बदमाशों ने मनुमार्ग में लूट को दिया था अंजाम, पुलिस ने सभी आरोपी पकड़े, आज होगा खुलासा
अलवर के मनुमार्ग इलाके में घर में घुसकर दंपती को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस आज इस वारदात का खुलासा करेगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दम्पती को घर में बंधक बना लूटपाट की वारदात को चार बदमाशों ने नहीं, बल्कि छह-सात बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने इस पूरी गैंग को दबोच लिया है। वारदात को अंजाम देने वाले करीब आधा दर्जन बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। सभी बदमाशों की उम्र 20-22 साल के करीब है।
कॉल डिटेल और टावर लोकेशन बने मददगार
बदमाशों तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल और मोबाइल टावर लोकेशन पुलिस के लिए मददगार साबित हुए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार दिन मनुमार्ग और कबीर कॉलोनी में काफी हाथ-पैर मारने के बाद भी पुलिस को बदमाशों तक पहुंचने की कोई दिशा नजर नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और टावर लोकेशन जैसे तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया। इसके बाद पुलिस को बदमाशों के बारे में सुराग मिलते चले गए और पुलिस बदमाशों तक पहुंच गई।
माल भी बरामद किया
सबसे सुकून की बात यह है कि पुलिस ने बदमाशों से चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल बदमाश एमआईए इलाके के निवासी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्त में आए बदमाश मनुमार्ग घटना से पहले भी वारदात कर चुके हैं। ऐसे एक मामले में वे जेल जा चुके हैं और संभवत: वे जमानत पर बाहर हैं।
Published on:
20 Dec 2018 11:12 am
