
मतदान करने के वीडियो खूब हो रहे हैं वायरल
जिले में चुनाव शांतिपूर्ण हुआ लेकिन इस बार गोपनीयता जरूर भंग हुई। तमाम लोग मोबाइल ईवीएम तक ले गए। वोट डालते हुए वीडियो बनाए। यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हैरत तो ये है कि इस बार वेब कास्टिंग की भी व्यवस्था 50 फीसदी बूथों पर थी लेकिन ये कैमरे में कैद नहीं हो सके। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे लोगों की पहचान होगी तो कार्रवाई करेंगे।
मतदान के लिए लोग बूथों के बाहर लगे थे। सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को सूचित किया कि मोबाइल फोन अंदर न ले जाएं। यदि किसी के पास गलती से आया भी है तो वह उसे बंद कर लें लेकिन इसका असर वोटरों पर नहीं हुआ। वह ईवीएम तक पहुंचे। वहीं मोबाइल जेब से निकाला और फिर अपने वोट करने की प्रक्रिया का वीडियो बनाया। कई वीडियो में ये भी दिखाया गया है कि वह पहली उंगली वोट देने के लिए एक दल के प्रत्याशी के निशान की तरफ ले जाते हैं लेकिन वोट फिर दूसरे दल के प्रत्याशी के निशान पर देते हैं। वीडियो में दिखाने की कोशिश की जा रही है कि वह गलती नहीं कर सकते। जहां वोट देना है उंगली वहीं दबेगी। फोटो भी लोगों ने ईवीएम पर वोटिंग के खिंचवाए हैं। जानकारों का कहना है कि इस बार 1300 से अधिक बूथों पर वेब कास्टिंग हुई। कैमरे लगाए गए लेकिन ये मोबाइल आदि नहीं दिखे।
मोबाइल के जरिए वोट डालने की प्रक्रिया का वीडियो नहीं बनाना चाहिए। ऐसे लोगों की यदि पहचान होगी तो कार्रवाई करेंगे। - उत्तम सिंह शेखावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
Published on:
27 Nov 2023 11:52 am
