
मतदान जारी (फोटो - पत्रिका)
Municipal Election Phase 2 Voting: नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिलों के 15 निकायों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया शाम 6 बजे चली हुई।
अलवर जिला: जिले की 7 नगर पालिकाओं- कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास और बड़ौदामेव में मतदान।
कोटपूतली-बहरोड़ जिला: यहां नगर परिषद बहरोड़ समेत नीमराना, मांढ़ण और बर्डोद नगर पालिका में मतदान।
खैरथल-तिजारा जिला: क्षेत्र के चार प्रमुख कस्बों-किशनगढ़बास, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा नगर पालिकाओं में मतदान।
दिनभर मतदान सुचारू रहा, हालांकि कुछ केंद्रों पर मतदाताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की कहासुनी की घटनाएं सामने आईं। अलवर के राजगढ़ स्थित वार्ड नंबर 32 में तकनीकी खराबी के चलते ईवीएम बंद हो गई, जिससे करीब 15 मिनट तक मतदान बाधित रहा। हालांकि निर्वाचन दल ने तुरंत खराबी को दुरुस्त कर प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी और प्रशासनिक निगरानी के बीच समूची चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
कितना हुआ मतदान ?
दोपहर 3 बजे तक वोटिंग, बड़ौदामेव 84.90% के साथ शीर्ष पर
अलवर जिले के बड़ौदामेव में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाते हुए सर्वाधिक 84.90 प्रतिशत मतदान किया। इसके अलावा थानागाजी में 78.39%, कठूमर में 77.75% और लक्ष्मणगढ़ में 75.01% वोटिंग हुई। खैरथल-तिजारा जिले में टपूकड़ा 79.84% और मुंडावर 78.75% के साथ आगे रहे, जबकि किशनगढ़बास व कोटकासिम में भी 77% से अधिक वोट पड़े। कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में नीमराना में 77.46%, मांढ़ण में 74.38% और बहरोड़ नगर परिषद में 68.31% मतदान दर्ज हुआ। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान रहा।
अलवर जिले में सुबह 10 बजे तक बड़ौदामेव में सबसे अधिक 44.02 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं अन्य पालिकाओं में वोटिंग की रफ्तार अच्छी रही।
Updated on:
11 Sept 2026 07:02 pm
Published on:
11 Sept 2026 12:02 pm
