10 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar Nikay Chunav: कल होगा 7 निकायों में मतदान, 1.35 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट

अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी। जिले के सात नगरपालिका क्षेत्रों के 183 वार्डों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इस चरण में 1.35 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतगणना 14 सितंबर को होगी।
2 min read
Google source verification
alwar nikay chunav

कल दूसरे चरण की वोटिंग (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 11 सितंबर को जिले की सात नगर पालिकाओं के 183 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चरण में कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास और बड़ौदामेव नगर पालिका क्षेत्र शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला के अनुसार दूसरे चरण में कुल 1,20,792 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें कठूमर के 10,312, खेरली के 15,803, थानागाजी के 17,123, राजगढ़ के 31,702, लक्ष्मणगढ़ के 14,236, गोविंदगढ़-रामबास के 14,227 और बड़ौदामेव के 11,389 मतदाता शामिल हैं।

मतदान को लेकर संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। कठूमर में 20, खेरली में 23, थानागाजी में 25, राजगढ़ में 41, लक्ष्मणगढ़ में 25, गोविंदगढ़-रामबास में 25 और बड़ौदामेव में 25 मतदान दल लगाए जाएंगे।

खेरली नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 और 17 में एक-एक प्रत्याशी होने के कारण दोनों वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इसके बावजूद अन्य वार्डों में मतदान कराया जाएगा।

पांच निकायों में पहले चरण का मतदान हुआ

इससे पहले बुधवार को अलवर नगर निगम सहित पांच निकायों में पहले चरण का मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। अलवर नगर निगम के 65 वार्डों में कुल 65.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह वर्ष 2019 के निकाय चुनाव की तुलना में 0.39 प्रतिशत अधिक है।

पहले चरण के मतदान के दौरान अलवर शहर में कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने, फर्जी मतदान के आरोप और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आई थीं। अब दूसरे चरण में प्रशासन की नजर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने पर रहेगी।

14 सितंबर को आएगा परिणाम

अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव के सभी चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला सामने आएगा। चुनाव में कई स्थानीय नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण के मतदान पर भी सभी की नजर है। 11 सितंबर को सात निकायों में मतदान होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी होगी।

इसके बाद 14 सितंबर को होने वाली मतगणना में परिणाम घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक दलों के साथ प्रत्याशियों और समर्थकों में भी परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। खासतौर पर करीबी मुकाबले वाले वार्डों के नतीजों पर सभी की निगाह रहेगी। निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका भी परिणाम के बाद महत्वपूर्ण हो सकती है।