
अलवर की जनता पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे से रोजाना पड़ रहा २५ लाख का भार, अब जिले में इतने रुपए कम हुए पेट्रोल-डीजल के दाम
अलवर. पिछले सात दिनों में पेट्रोल-डीजल के भाव करीब 2 रुपए प्रति लीटर बढऩे से अलवर की जनता पर करीब 25 लाख रुपए का भार एक दिन में पड़ रहा है। भाव बढऩे से करीब 10 दिनों में जनता की जेब से करीब 2.5 करोड़ रुपए अधिक जा चुका है। पेट्रोल डीजल के भाव कम नहीं हुए तो महंगाई भी जनता की कमर तोड़ देगी। यहीं नहीं करीब पौने चार करोड़ का पेट्रोल डीजल रोजाना हरियाणा बॉर्डर के पम्पों से खरीद रहे हैं। इससे सरकार को मोटे राजस्व का नुकसान हो रहा है। यदि पिछले एक साल के बढ़े पेट्रोल-डीजल के अन्तर से तुलना करेंगे तो हर दिन जनता की जेब से करोड़ों रुपया अधिक वसूला गया है। उल्लेखनीय है कि एक साल में डीजल 15 व पेट्रोल करीब 10 रुपए प्रति लीटर बढ़ चुका है।
जिले में एक दिन मे खपत 12 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल
जिले में एक दिन में करीब 10 से 12 लाख लीटर पेट्रोल व डीजल की खपत पेट्रोल पम्पों से है। इसके अलावा करीब पांच लाख लीटर डीजल हरियाणा व आसपास के बॉर्डर के पम्पों से खरीदा जा रहा है। जितना पेट्रोल डीजल अलवर से खरीदा जा रहा है उसका आधा करीब हरियाणा से आ रहा है।
दो रुपए से 25 लाख का बोझ जानिए
31 अगस्त से 7 सितम्बर तक जिले में करीब 2 रुपए डीजल और 1.5 रुपए पेट्रोल पर बढ़ा है। एक दिन में करीब 12 से 13 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल खप रहा है। जिससे स्पष्ट है कि दो रुपए भाव बढऩे से एक दिन में जनता पर करीब 25 लाख रुपए का बोझ पड़ जाता है।
जिले के पेट्रोल पम्पों पर एक नजर
जिले में करीब 15 पेट्रोल पम्प हैं। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, इण्डियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम व ईईएसआर के पम्पों से ही पेट्रोल डीजल खरीदा जा रहा है।
पेट्रोल पर 2.24 और डीजल पर 2.21 रुपए कम
अलवर. राज्य सरकार की ओर से 4 प्रतिशत वैट कम करने से अलवर जिले में पेट्रोल पर 2.24 रुपए और डीजल पर 2.21 रुपए कम हो गए हैं। अब सोमवार को पेट्रोल 81.98 रुपए प्रति लीटर और डीजल 75.82 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। चार प्रतिशत वैट कम करने से पहले रविवार को अलवर जिले में डीजल 78.03 और पेट्रोल 84.22 रुपए प्रति लीटर का भाव था।
Updated on:
10 Sept 2018 08:54 am
Published on:
10 Sept 2018 08:53 am
