
जनता अब भावनात्मक मुद्दों से नहीं बहकेगी स्थानीय मुद्दों पर करना होगा फोकस : पायलट
अलवर ग्रामीण ञ्च पत्रिका. प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी थोड़ी और मेहनत करती तो परिणाम अलग हो सकते थे। सभी देख रहे हैं कि भाजपा कैसे सरकार बना रही है। पायलट ने कहा कि दोनों राज्यों में जनादेश भाजपा के खिलाफ आया है। उप मुख्यमंत्री पायलट शुक्रवार को धवाला गांव में कांग्रेस नेता प्रेेम पटेल के पुत्र पवन पटेल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए पायलट ने कहा कि लोग लंबे समय तक भावनात्मक मुद्दे पर बहक नहीं सकते, धरातल और वास्तविकता को समझते हुए राजनीति करनी चाहिए। दोनों राज्यों में हमने धरातल और स्थानीय मुद्दों पर फोकस करते हुए चुनाव लड़ा।
राजस्थान के मंडावा और खींवसर उपचुनाव के नतीजों पर पायलट ने कहा कि मंडावा में हमारी ऐतिहासिक जीत हुई और खींवसर में भी कड़ा मुकाबला हुआ। पायलट ने अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी पर भी केन्द्र सरकार को घेरा।
कश्मीर में स्थिति सामान्य नहीं : उप मुख्यमंत्री पायलट ने कहा कि कश्मीर में स्थिति सामान्य नहीं है। कश्मीर के शोपियां में अलवर के मोहम्मद इलियास की हत्या को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि वहां आतंकवादी जानबूझकर गैर कश्मीरियों को निशाना बना रहे हैं। यह दर्शाता है कि वहां स्थिति सामान्य से काफी दूर है, वहां की वास्तविकता दावों से परे है।
निकाय चुनाव में कांग्रेस के बोर्ड बनना तय : उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में सभी जगह कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनना निश्चित है। कांग्रेस ने हाल ही हुए उपचुनाव में एक सीट को जीती है।
जनप्रतिनिधि व ग्रामीण थे मौजूद: इस मौके पर बानसूर विधायक शकुंतला रावत, पूर्व प्रधान शिव लाल गुर्जर, सरपंच लल्लू राम, मनोज कुमार शर्मा, जब्बर सैनी, महेश सैनी, महेश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Published on:
26 Oct 2019 06:00 am
