10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर अघोषित रोक, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों में मची खलबली; बुलाई आपात बैठक

Commercial LPG Cylinder: राजस्थान में तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है, जिससे उद्योगों के अलावा होटल-रेस्टोरेंट संचालकों में खलबली मच गई।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Anil Prajapat

Mar 10, 2026

commercial gas cylinder (2)

कॉम​र्शियल गैस सिलेंडर न मिलने पर अब घरेलू रसोई गैस काम में लेने लगे कारोबारी। फोटो: पत्रिका

अलवर। इजरायल-अमरीका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर दिखने लगा है। तेल कंपनियों ने रसोई गैस के घटते स्टॉक को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है, जिससे उद्योगों के अलावा होटल-रेस्टोरेंट संचालकों में खलबली मच गई है।

नाम न छापने की शर्त पर कुछ डीलर्स ने बताया कि उन्हें कहा जा रहा है कि वे कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग न करें। उनका कहना है कि कॉमर्शियल गैस सप्लाई पर रोक से ही घरेलू गैस सिलेंडरों की पूर्ति हो सकती है, अन्यथा घरों में खाना पकना मुश्किल हो जाएगा। कुल मिलाकर कॉमर्शियल गैस सप्लाई पूरी तरह रुक गई है।

अलवर में गैस से संचालित 15 उद्योग बंद हो जाएंगे। वहीं, 250 से अधिक होटल-रेस्टोरेंट में भी काम प्रभावित होगा। जिससे लाखों रुपए का प्रतिदिन घाटा इन उद्यमियों को झेलना होगा। इसे लेकर होटल, रेस्टोरेंट एसोसिएशन व उद्यमी मंगलवार को बैठक करेंगे। उनका कहना है कि सरकार को इसका रास्ता निकालना होगा, अन्यथा परेशानी बढ़ जाएगी।

तीन दिन से घरेलू रसोई गैस की किल्लत

शहर व जिले में घरेलू रसोई गैस की तीन दिन से किल्लत बनी हुई है। आर्य नगर निवासी रोहिताश शर्मा का कहना है कि एक दिन पहले बमुश्किल घरेलू रसोई गैस बुकिंग हुई, लेकिन अब तक गैस सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी पर संपर्क किया गया, तो संचालकों ने कहा कि अभी स्टॉक नहीं है। किल्लत चल रही है।

बैंक कॉलोनी निवासी राजीव सिंह का कहना है कि उन्हें भी दो दिन से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। नंगली सर्किल निवासी चाय विक्रेता विनोद भी परेशान हैं। वे कहते हैं कि कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। घरेलू गैस सिलेंडर बुक कर रहे हैं, तो वे भी स्टॉक में नहीं है। ग्राहक परेशान हैं। गैस एजेंसियां ग्राहकों की समस्या का समाधान नहीं कर पा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को इस मामले में एक्शन लेना चाहिए। कुछ लोगों का कहना है कि रसोई गैस सिलेंडर मिल भी रहे हैं, तो उनके दाम अधिक हो गए हैं।

गरीबों के लिए खुली रसोइयाें में भी सिलेंडर नहीं

गरीब लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए अन्नपूर्णा रसोई संचालित हैं। हर दिन एक रसोई में 200 लोगों का भोजन बनता है। हर दिन यहां गैस सिलेंडर की जरूरत है, लेकिन कई रसोई संचालकों को यह गैस नहीं मिल पा रही। इधर-उधर से व्यवस्था करके खाना बना रहे हैं। यदि समय रहते गैस सप्लाई पर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह बड़ा संकट होगा।

इनका कहना है

शहर में 200 से 250 होटल व रेस्टोरेंट हैं। हर दिन करीब 500 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर चाहिए, लेकिन इन पर प्रतिबंध लगने से अब ग्राहकों को खाना नहीं मिल पाएगा। चिंता बढ़ गई है। इसको लेकर बैठक करके निर्णय लिया जाएगा।
-मनीष भाटिया, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ सरिस्का-अलवर

अब तक औद्योगिक इकाइयों के लिए सप्लाई गैस महंगी दरों में खरीद रहे थे और अब इस गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है, जिससे अलवर के गैस से ही संचालित 15 उद्योग बंद हो जाएंगे। इसको लेकर बैठक करेंगे।
-मनोज गुप्ता, अध्यक्ष, मत्स्य औद्योगिक संघ

कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक के कोई आदेश नहीं हैं और न डीलर्स से मना किया गया। हम इस िस्थति पर नजर बनाए हुए हैं।
-विनोद जुनेजा, डीएसओ