
Rajasthan School Summer Vacation: राजस्थान सरकार ने नए सत्र यानी शैक्षिक पंचांग 2026-27 में एक बड़ा संशोधन किया है। इस नए बदलाव के तहत सरकारी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को बढ़ा दिया गया है। पहले जहां बच्चों और शिक्षकों को केवल 35 दिनों की छुट्टियां मिल रही थीं, वहीं अब इसे बढ़ाकर पूरे 43 दिन का कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी संशोधित आदेश के अनुसार अब ग्रीष्मावकाश 17 मई से शुरू होकर 28 जून तक जारी रहेगा।
इससे पहले जारी हुए टाइम टेबल के मुताबिक स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक ही तय की गई थीं। लेकिन सरकार के इस नए फैसले के बाद अब विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को ही पूरे 8 दिनों की अतिरिक्त छुट्टियां मिलेंगी। इस फैसले से बच्चों के चेहरे खिल गए हैं, क्योंकि उन्हें इस चिलचिलाती गर्मी में घर पर रहकर आराम करने और मौज-मस्ती करने का कुछ और वक्त मिल गया है।
दरअसल सरकार की ओर से पहले गर्मियों की छुट्टियों में की गई कटौती और प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश (प्रिंसिपल की पावर वाली छुट्टियां) को समाप्त किए जाने का चौतरफा विरोध हो रहा था। राज्य के विभिन्न शिक्षक संगठन इस फैसले के खिलाफ लंबे समय से लामबंद थे और लगातार आंदोलन कर रहे थे। शिक्षकों का तर्क था कि राजस्थान की भीषण गर्मी को देखते हुए छुट्टियों को कम करना सही फैसला नहीं है।
शिक्षकों के इस कड़े विरोध और आंदोलन को देखते हुए आखिरकार सरकार को कदम पीछे खींचने पड़े। इस गंभीर मुद्दे को लेकर सूबे के शिक्षा मंत्री ने खुद मोर्चा संभाला और विभिन्न शिक्षक संगठनों, खासकर 'अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान' के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ अहम बैठक की।
इस मुलाकात और लंबी चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की ओर से उठाए गए मुद्दों को जायज माना और उनकी मांगों पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी। इसी बातचीत का नतीजा है कि सरकार ने ग्रीष्मावकाश को 28 जून तक बढ़ाने का यह बड़ा फैसला लिया। सरकार के इस कदम से शिक्षक संगठनों में भी खुशी की लहर है और उन्होंने इसे अपनी बड़ी जीत बताया है। अब 29 जून से स्कूल दोबारा पूरी रौनक के साथ खुलेंगे।
Updated on:
09 Jun 2026 01:19 pm
Published on:
09 Jun 2026 01:18 pm
