
राजस्थान का रण : दावों और आरोपों के बीच खोते रहे राठ क्षेत्र के मुद्दे, जानिए राठ की राजनीति पर भाजपा व कांग्रेस के तर्क
अलवर. राठ क्षेत्र में पहलू खां, नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, पार्षद त्रिलोक यादव, व्यापारी घनश्याम अग्रवाल के हत्या प्रकरण एवं माजरीकलां में चौकी के बाहर सो रहे दो पुलिसकर्मियों की हत्या समेत कई अन्य आपराधिक मामलों की गूंज भले ही देश भर में रही हो, लेकिन सरकारी दावों में राठ समेत पूरे प्रदेश में अपराध का ग्राफ घटा है।
इतना ही नहीं औद्योगिक विकास के दावों के बीच स्थानीय युवक रोजगार को मोहताज रहे, लेकिन सरकारी आंकड़ों में राठ के कई हजार युवकों को रोजगार मिल गया। विभिन्न योजनाओं के आंकड़े भले ही विकास के दावे करते हो, लेकिन राठ क्षेत्र कई मायनों में अब भी विकास की बाट जोहता दिखाई पड़ता है। राजनीतिक तौर पर ये मुद्दे दावों और आरोपों के बीच गौण हो गए हो, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए ये मुद्दे अब तक परेशानी का सबब बने हैं। बहरोड़, नीमराणा, शाहजहांपुर, मुण्डावर, बानसूर समेत अन्य क्षेत्रों में बढ़ता अपराध, स्थानीय को रोजगार एवं विकास बड़े मुद्दे हैं। गत विधानसभा चुनाव के दौरान भी इनमें से ज्यादातर मुद्दों की गूंज सुनाई पड़ी थी, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व भी इन्हीं मुद्दों की गूंज सुनाई पडऩे लगी है।
अपराध घटे, युवाओं को दिलवाया रोजगार
क्षेत्र में गत पांच साल में अपराध घटे हैं, दो-तीन प्रकरणों के चर्चित होने से विरोधी आरोप लगा रहे हैं। इनमें भी ज्यादातर प्रोपर्टी से जुड़े आपसी मामले थे। युवाओं को रोजगार दिलाने का जितना काम मेरे समय में हुआ, उतना पहले नहीं हुआ। 30 हजार युवाओं को नौकरी के लिए जापानी कम्पनी से एमओयू किया है। निजी कम्पनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर ही बिजली बिल में रिबेट आदि सुविधाओं का प्रावधान किया है।
डॉ. जसवंत यादव, विधायक बहरोड., रोजगार मंत्री
जनता को जमकर लुटवाया
युवाओं को रोजगार नहीं मिला, कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है। क्षेत्र में समस्याओं का अम्बार है, पांच साल तक गलत वीसीआर भर कर गलत तरीके से बिल वसूल कर जनता को बर्बाद किया गया। तहसील के सभी कार्यालयों में भ्रष्ट अधिकारी जनता को लूटते रहे। जिम्मेदार जनप्रतिनिधि उनसे जुड़े लोग मलाई चाटते रहे। आमजन की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया।
बलजीत यादव, कांग्रेस नेता
नहीं हुआ कोई काम
बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं की तरफ 5 साल में यहां के जनप्रतिनिधि ने कोई ध्यान नहीं दिया। क्षेत्र में लूटपाट गुंडागर्दी भ्रष्टाचार जितना चरम स्तर पर बहरोड में पनपा, यह 5 साल की यहां के विधायक की उपलब्धि है। क्षेत्र में विकास के कोई कार्य नहीं हुए। न ही युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के प्रयास किए गए। सरकार के दावे सिर्फ फाइलों के आंकड़ों में दिखते हैं।
डॉ.आरसी यादव, कांग्रेस नेता
Published on:
01 Oct 2018 04:59 pm
