
अलवर में पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद शनिवार रात को रोडवेज की छत पर बैठ वापस घर लौटते अभ्यार्थी।
अलवर. नकल गिरोह के साये में शनिवार को जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2018 की लिखित परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान केन्द्रोंं पर जमकर कैंचियां चली। जो अभ्यर्थी पूरी बाजू की शर्ट पहनकर आए, उनकी शर्ट की बाजू परीक्षा से पूर्व काटी गई।
पुलिस ने एक-एक अभ्यर्थी की गहनता से तलाशी ली। इस दौरान कई अभ्यर्थियों की शर्ट तक उतरवा ली गई। उनके जूते-चप्पल परीक्षा केन्द्र के बाहर रखवाए गए। महिलाओं के हाथों से चूड़ी, कलाया व सिर से दुपट्टा भी उतरवा लिए गए। इतना ही नहीं सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों व जैमर से नजर रखी गई।
बहरोड़ पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए बहरोड़ क्षेत्र मे परीक्षा केन्द्रों पर शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा हुई। क्षेत्र मे 9 परीक्षा केन्द्रों पर दो पारियों में 10368 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। क्षेत्र मे मोबाइल इन्टरनेट बंद रहा और परीक्षा केन्द्रो पर जैमर लगाए गए।
भीड़ हुई बेकाबू
पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा मे शनिवार शाम को दूसरी पारी खत्म होने पर एक साथ ज्यादा भीड़ आने और बसें कम चलने के कारण मुख्य हाईवे चौराहे पर भारी अव्यवस्था हो गई। जिसको नियंत्रण करने में पुलिस के पसीने छूट गए। एक ट्रक गाड़ी से भिड़ जाने पर लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर डाली।
खैरथल में 4300 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
खैरथल. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का प्रथम चरण शनिवार को यहां पूरी तरह से शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ। यहां 4300 अभ्यर्थियों के लिए राउमावि बालिका व बालक, महर्षि परशुराम महिला महाविद्यालय व गीता देवी डिग्री कालेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया। राजगढ़ वृत के डएसपी ताराचन्द चौधरी व स्थानीय थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में सभी केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित समयावधि के बाद भी काफी संख्या पंहुचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिल पाने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
Published on:
15 Jul 2018 12:14 pm
