
अलवर की ईटाराणा सैनिक छावनी में होगा सेना का बड़ा कार्यक्रम, बाइक व घोड़ों से हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे जवान
अलवर. ईटाराणा सैनिक छावनी में 22 और 23 फरवरी को सप्त शक्ति कमान का अलंकरण समारोह होगा। जिसमें सैन्य अधिकारियों व जवानों को गैलेंट्री अवार्ड दिए जाएंगे। मेजर जनरल मनोज कुमार, सेना मेडल सीओसी, 42 आर्टिलरी डिवीजन ने बताया कि समारोह की शुरुआत 22 फरवरी को दोपहर में ईटाराणा छावनी अलवर मिलिट्री स्टेशन पर होगी, जिसमें बहादुर जवानों के सम्मान में मोटरसाइकिल चालकों का प्रदर्शन, सिंफनी बैंड, घुड़सवारी शो, मलखंब तथा झांझ पथक आदि कार्यक्रम होंगे। मुख्य समारोह 23 फरवरी को सुबह 8 बजे छावनी परिसर स्थित इटाराणा पैलेस के नजदीक ग्राउण्ड में होगा।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल चेरिश मैथसन, जनरल अफसर कमांडिंग इन-चीफ, सप्त शक्ति कमान की ओर से 12 सैन्य अधिकारियों तथा 5 जवानों को सैन्य वीरता एवं विशिष्ट सेवा पदक के साथ-साथ सेना की 20 इकाइयों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं कुछ दिन पूर्व ईटाराणा छावनी में सेना की ओर से भूकम्प से बचाव का डमी पेश किया था। इसमें भूकम्प सहित आपातकाल के समय बचाव के तरीके समझाए गए थे। शुक्रवार को सेना की ओर से बाइक पर हैरतअंगेज करतब सहित घुड़सवारी, मलखंब आदि का प्रदर्शन किया जाएगा।
Published on:
22 Feb 2019 01:00 pm
