
सरिस्का में बाघ-बघेरों पर मंडरा रहा करंट का साया, वन्यजीवों पर खतरा
सरिस्का में लोग जानवरों से फसल बचाने को खेतों की बाढ़ में छोड़ देते करंट
अलवर. सरिस्का में दो बाघों की अकाल मौत के बाद भी बाघ-बघेरों पर संकट में कमी नहीं आई है। सरिस्का में खेतों की तारों की बाढ़ में करंट दौडऩे से यह खतरा और बढ़ गया है। पिछले दिनों जयसिंहपुरा से गिरफ्तार आरोपियों ने खेत की तारों की बाढ़ में करंट छोडऩे का खुलासा कर इस संकट को और बढ़ा दिया है।
सरिस्का बाघ परियोजना में गत 19 मार्च को बाघ एसटी-11 की खेत में लगे फंदे में फंसने से मौत हो गई। वहीं करीब 8-9 साल पहले बाघ एसटी-1 की जहर देने से मौत हुई। एक दशक में दो बाघ को गंवाने के बाद भी सरिस्का में बाघों पर खतरा कम नहीं हुआ है। अब खेतों की बाढ़ में करंट छोडऩे व छोटे जानवरों के लिए फंदे लगाने से यह संकट बढ़ गया है।
अब फंदे में फंसने व करंट से छूने का खतरा:
सरिस्का के कोर एरिया में बसे गांवों में लोग अपनी फसल को जानवर से बचाने के लिए खेतों पर फंदे लगाने व खेतों पर तारबंदी कर उनमें करंट प्रवाहित करने से बाज नहीं आ रहे। सरिस्का के इंदौक में बाघ एसटी-11 की खेत में लगे फंदे में फंसने से मौत होने के बाद सरिस्का प्रशासन ने सभी रेंज अधिकारियों को अभियान चलाकर ऐसे फंदों को हटाने के निर्देश दिए गए। हालांकि अभियान के दौरान खेतों में लगे फंदे तो कुछ समय के लिए हट गए, लेकिन खेतों की बाढ़ के लिए की गई तारबंदी का उपाय नहीं निकल सका। ग्रामीण फसल बचाने के लिए रात के समय तारों में बिजली का करंट छोड़ देते हैं, जिससे बाघ-बघेरों के तार छू जाने से मौत की आशंका रहती है। पूर्व में एक पैंथर की मौत खेत में लगे तार के छूने से हो चुकी है। इन तारों में करंट प्रवाहित करने की भी पुष्टि खुद गिरफ्तार आरोपियों ने की है। सरिस्का में खेतों में फंदे व तारबंदी एक-दो खेतों या गांवों में नहीं, बल्कि ज्यादातर जगहों पर है। इस कारण हर बाघों पर संकट मंडराता रहता है।
खेतों पर तारबंदी से समस्या
सरिस्का में लोगों ने छोटे जानवरों से फसल बचाने के लिए कई जगह तारबंदी कर रखी है। कुछ लोग इनमें करंट भी छोड़ देते हैं। इससे वन्यजीवों को करंट छू जाने का खतरा रहता है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कुछ आरोपियों ने तार में करंट छोडऩे की बात कबूली भी है।
हेमंत सिंह, डीएफओ, सरिस्का बाघ परियोजना
Published on:
05 Aug 2018 10:38 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
