
घरवालों से बिछडक़र बांग्लादेश पहुंच गया था अलवर का सोनू, लेकिन अभी तक वापस नहीं लौट पाया, अभी इस हाल में रह रहा
खेरली. थाना क्षेत्र के गांव रामपुरा पाटन से गत् 30 दिसंबर 2017 को घर से लापता बालक के बांगलादेश में होने की घटना के करीब दस माह बीतने को आए लेकिन इसके बाद भी बालक अभी तक घर वापस नही आ सका है। विदेश मंत्रालय सहित देश के अन्य उच्च अधिकारीयों को बार बार प्रार्थना पत्र लिख गुहार लगाने के उपरांत परिजनों को उच्चाधिकारीयों से केवल आश्वासन के अलावा कुछ नही मिला है।
क्षेत्र के ग्राम रामपुरा पाटन निवासी किशनलाल सैनी का पुत्र सोनू सैनी आठवीं पास है। परिजनों के अनुसार मानसिक रूप से कमजोर सोनू 30 दिसंबर को अचानक से घर से लापता हो गया। परिजनों ने सोनू की गुमशुदगी की सूचना स्थानीय थाने में दी। तथा अपने स्तर पर भी सोनू की तलाश की, लेकिन सोनू का कहीं भी अता पता नही लगा। इस टूटी हुई आस के बीच करीब एक माह उपरान्त 27 जनवरी 2018 को बांग्लादेश से गुमशुदा बालक ने अपने चाचा के पास फोन किया।
इस दौरान पीडि़त परिवार की ओर से विदेश मंत्रालय सहित राजस्थान के शीर्ष अधिकारीयों को मामले की जानकारी प्रदान की गई। पीडि़त परिजनों के प्रार्थना पत्र और अधिकारियों के आश्वासन के बीच करीब दस माह व्यतीत होने को आए, लेकिन गुमशुदा सोनू बांग्लादेश से अभी तक अपने घर वापिस नही आ सका।
पीडि़त परिवार की आज ये स्थिति है कि बेटे के दूर परदेश में बदहाल होने तथा उसके वापिस लौटने की आस टूटने पर बालक के माता पिता पिछले छह माह से मानसिक रूप से अस्वस्थ्य हो गए। परिवार की बागडोर फिलहाल सोनू के चाचा किशनलाल सैनी संभाले हुए हैं। किशनलाल सैनी ने बताया कि निरक्षर होने के कारण उन्हे कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताओं के बारे में कोई जानकारी नही है।
परिवार की माली हालत इतनी कमजोर है कि वो बिना राजनैतिक व प्रशासनिक सहयोग के अपने निजी स्तर पर वो सोनू को बांग्लादेश से यहां नही ला सकते। मामले में खेरली थाने के थानाधिकारी उमेश बेनीवाल ने बताया कि मामला विदेश मंत्रालय के अधीन होने के कारण मामलें की पूरी रिपोर्ट पूर्व में ही पुलिस अधीक्षक अलवर, इंटरपोल व सीबीआई को दे दी गई है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार कानूनी कार्रवाही अमल में ली जाएगी।
फिलहाल बाल सुधार गृह में सकुशल सोनू
गत् 19 सितम्बर को लापता सोनू के परिजनों को बांग्लादेश के ढाका में टोंगी नामक स्थान पर स्थित एक सुधार गृह में विमंदित सोनू के सकुशल होने की सूचना मिली। परिजनों ने इसकी सूचना विदेश मंत्रालय को दे दी है। जिस पर विदेश मंत्रालय ने परिजनों ने अपनी कार्रवाही शुरू करने का आश्वासन दिया है। परिजनों ने इस घटना की सूचना भारतीय विदेश मंत्रालय को दी है।
Published on:
05 Oct 2018 05:46 pm
