6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Video : अलवर में बदमाशों के हौसले बुलंद, दिन दहाड़े दो सूने मकानों में की लाखों की चोरी, मचा हडक़ंप

अलवर में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। बदमाश दो घरों में हाथ साफ करने के बाद कैमरे के डीवीआर भी ले गए, जिससे घटना के फुटेज किसी को ना मिल सके ।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Hiren Joshi

Jan 09, 2019

Theft In Two Houses In Alwar

अलवर में बदमाशों के हौसले बुलंद, दिन दहाड़े दो सूने मकानों में की लाखों की चोरी, मचा हडक़ंप

अलवर. शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित रणजीत नगर और सूर्यनगर इलाके में चोर दो सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। घटना पता चलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज देखे। पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। एनईबी थाना पुलिस ने बताया कि एनईबी क्षेत्र स्थित रणजीत नगर बी-155 निवासी यूए फारुखी कला कॉलेज में प्रोफेसर हैं और उनकी पत्नी हिना फारुखी निजी स्कूल में वाइस प्रिंसीपल हैं। सुबह करीब 9 बजे हिना फारुखी स्कूल चली गई और 11 बजे प्रोफेसर यूए फारुखी भी अपने कॉलेज चले गए। बच्चे भी स्कूल चले गए थे। जब बच्चे दोपहर 3.30 बजे आए तो दरवाजा टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा हुआ मिला। चोरी की सूचना मिलते ही दम्पती घर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। चोर मकान दरवाजा तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपए के सोना-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए चोरी कर ले गए। घर में हालांकि कैमरे लगे हुए थे, लेकिन चोर कैमरे की डीवीआर भी चोरी कर ले गए।

शिक्षक के सूने मकान से पार कर ले गए नकदी और जेवरात

उधर, एनईबी क्षेत्र के सूर्यनगर स्थित सी-402 निवासी सरकारी शिक्षक के सूने मकान का भी ताला तोड़कर चोर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने बताया कि सी-402 निवासी विजयसिंह पुत्र मनोहरी बौद्ध जालूकी स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं और उनकी पत्नी मिथलेश नगर के चिरावल गुर्जर स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे दोनों ड्यूटी के लिए स्कूल चले गए। बच्चे भी स्कूल चले गए और बड़ी बेटी घर के दरवाजों को ताला लगाकर पड़ोसियों को चाबी दे गई। जब बच्चे 3 बजे अपने घर वापस आए तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को मौके पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस उपाधीक्षक प्रियंका भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पीडि़त अध्यापक विजय सिंह ने बताया कि चोर उनके घर से 90 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी और 58 हजार रुपए चोरी कर ले गए।

रैकी कर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस को पूरा संदेह है कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। चोरों ने दोनों ही जगह शिक्षकों के मकान को निशाना बनाया। वारदात से पहले चोरों ने दोनों घरों की रैकी की। उन्हें ये बात अच्छी तरह से पता थी कि ये दोनों मकान में दिन में सूने रहते हैं।