
पीएफआई के नाम से धमकी भरा पत्र भेजा, बोले...दुकान खाली करो, वरना बम से उड़ा दूंगा
अलवर. सदर थाना इलाके के चिकानी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस चौकी के सामने टेलर की दुकान चलाने वाले एक बुजुर्ग को पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) नाम से डाक जरिए धमकी भरा पत्र भेजा गया है। जिसमें लिखा है कि इन दुकानों को 31 दिसम्बर तक खाली करो। वरना एक रात में बम से सब नष्ट कर दूंगा। बुजुर्ग ने पुलिस को ये धमकी भरा पत्र सौंपते हुए एफआइआर दर्ज कराई है। घटना का पता चलते ही पुलिस भी अलर्ट हो गई है और जांच में जुट गई है। उल्लेखनीय है कि पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) संगठन भारत में प्रतिबंधित है।
जानकारी के अनुसार चिकानी के ऊपला मोहल्ला अम्बेडकर कॉलोनी निवासी सोहनलाल जाटव (76) पुत्र केसरिया जाटव की चिकानी में टेलर की दुकान है। सोहनलाल के घर डाक से एक धमकी भरा पत्र पहुंचा। जिसमें लिखा है कि सोहनलाल टेलर मेरी बात अच्छी तरह समझ लेना। यह जो तेरी, सरकार और रोहताश कुम्हार की दुकानें हैं, जो वर्ग विशेष की है। हमें सरपंच और आसपास के लोगों ने बताया है कि यह सारी जगह वर्ग विशेष के लोगों की है। वर्ग विशेष को जगह बेचकर धोखे से कब्जा ली। अब यह नहीं चलेगा। तुम्हारे से पहले धीरज से बोल रहा हूं। आप इस जगह की सही कीमत ले लो और खाली करो। अगर खाली नहीं करोगे तो पता होना चाहिए मैं कौन हूं। पीएफआई आप को 31 दिसम्बर तक का समय दे रहा हूं। नहीं तो पीएफआई को दुनिया जानती है। एक रात में बम से सब नष्ट कर दूंगा। संभल जाओ।
पत्र लेकर पुलिस के पास पहुंचा पीडि़त
जानकारी के अनुसार पीडि़त सोहनलाल को 12-13 दिन पहले डाक के जरिए धमकी भरा पत्र मिला था, लेकिन वह धमकी भरा पत्र लेकर शुक्रवार को पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर घटना के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चौकी के सामने है सोहनलाल की दुकान
पीडि़त सोहनलाल की दुकान चिकानी पुलिस चौकी के सामने है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद से पुलिस ने सोहनलाल की दुकान पर निगरानी शुरू कर दी है।
चिकानी पोस्ट ऑफिस से भेजा गया है पत्र
सोहनलाल टेलर को धमकी भरा पत्र चिकानी पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भेजा गया है। आरोपी ने धमकी भरा पत्र चिकानी पोस्ट ऑफिस में डाला और वहीं रिसीव हुआ। पुलिस धमकी भरा पत्र भेजने वाले के बारे में पड़ताल में जुटी है। वहीं, सोहनलाल से दुश्मनी रखने वालों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है।
----
अनुसंधान कर रहे
पीएफआई के नाम से मिले धमकी भरे पत्र के मामले में सोहनलाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। धमकी भरा पत्र भेजने वाले के बारे में पड़ताल के लिए अनुसंधान जारी है।
- आनंद शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।
Published on:
10 Dec 2023 09:12 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
