अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा माचाड़ी बाईपास के पास हुआ जब दोनों बाइक पर सवार होकर पारिवारिक शोक समारोह से लौट रहे थे। हादसे में मृतकों की पहचान बंसी (40) और उसके चचेरे भाई नेतराम (38) के रूप में हुई है।
दोनों निवासी पास के ही गांव के बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर राजगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
Updated on:
14 Jun 2025 03:46 pm
Published on:
14 Jun 2025 03:20 pm