
अलवर में यहां कार व स्कूटी की हुई जोरदार भिड़ंत, इतने लोगों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
अलवर-भिवाड़ी हाइवे पर ग्राम महरमपुर स्टैण्ड के पास सुबह कार व स्कूटी की हुई भिडं़त में दो जनों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के महरमपुर स्टैण्ड के पास कार व स्कूटी की भिडं़त में स्कूटी सवार ग्राम महरमपुर निवासी विकास कुमार (30)पुत्र बाबूलाल की मौके पर मौत हो गई जबकि डोभी(हनुमानगढ़) गांव निवासी सुरेन्द्र चौधरी (43) पुत्र उधमीराम जाट गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को एम्बुलेंस से अलवर के सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए एवं दूर सरसों के खेत में जा गिरी। जिसपर आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए हाइवे मार्ग पर जाम लगाया। जिससे हाइवे पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंचकर सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद इलियास सहित पुलिस टीम ने समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतक विकास कुमार का किशनगढ़बास के अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं सुरेन्द्र चौधरी का अलवर के सामान्य चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक सुरेन्द्र चौधरी महरमपुर के सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत था।
पुलिस ने बताया कि देर शाम तक दोनों मृतकों के परिजनों की ओर से स्थानीय पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया।
Published on:
18 Jan 2019 10:57 am
