
सतर्कता दल पर हमला, कनिष्ठ अभियंता सहित तीन कर्मचारी घायल
अलवर. राजगढ़. विद्युत चोरी पकडऩे के लिए गए विद्युत वितरण निगम के सतर्कता दल पर राजगढ़ क्षेत्र के दौलतपुरा गांव में आधा दर्जन ग्रामीणों ने हमला कर कनिष्ठ अभियन्ता सहित तीन कर्मचारियों को मारपीट कर घायल कर दिया।
पुलिस ने बताया कि राजगढ़ कस्बे के जेवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता आतुर गौड़ ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया कि दौलतपुरा गांव में शनिवार की सुबह सवा दस बजे अवैध रूप से विद्युत का उपभोग कर रहे लोगों के विरुद्ध अधिशासी अभियंता केसी वर्मा, सहायक अभियंता दीपक शर्मा व कनिष्ठ अभियंता आतुर गौड़ सहित टीम कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान गांव के कुछ लोग अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे इस पर सहायक अभियंता व उसके द्वारा समझाइश का प्रयास किया गया। इसी दौरान भग्गू पुत्र रघुवीर सिंह ने धारदार कुल्हाड़ी से कनिष्ठ अभियंता आतुर गौड़ पर वार किया। जिससे उनका सिर फट गया और खून आने लगे। इसके बाद सोनू पुत्र जगदीश ने कनिष्ठ अभियंता गौड़ के सिर पर डंडे से वार किया। जिससे वो मूर्छित होकर जमीन पर गिर गया और भरत, हेमराज, शेरसिंह, सुमेर ने जमीन पर पड़े हुए के डंडे मारे। बचाने के लिए आए तकनीकी सहायक हेमसिंह व महेंद्र सैनी पर भी डंडो से वार किया। सहायक अभियंता दीपक शर्मा व चालक के साथ हाथापाई की गई। गांव के लोगों एवं कर्मचारियों ने उन्हेंं बचाया। उक्त लोग उन्हें बंधक बनाने का प्रयास करने लगे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता ग्राम दौलतपुरा पहुंचा और उक्त लोगों के चंगुल से उन्हेंं छुड़वाया। पुलिस ने सोनू, भग्गू, भरत, हेमराज, शेरसिंह, सुमेर के विरूद्ध राजकार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फीडर इंचार्ज को बंधकर बनाया
विद्युत चोरी पकडऩे गए विद्युत सतर्कता दल पर थानाराजाजी गांव के सिंगल का बास के रणजीत नगर में लाठी-डंडों से हमला कर दिया। रामगढ़ के फीडर इंचार्ज संजय शर्मा को एक कमरे में बंधक बना लिया तथा मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने बताया कि रामगढ़ के फीडर इंचार्ज संजय शर्मा ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया कि शनिवार को विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियन्ता के आदेश पर रामगढ़ के सहायक अभियन्ता नवीन कुमार गुप्ता व नौगांवा के कनिष्ठ अभियंता हेमन्त कुमार वर्मा कर्मचारियों के साथ राजगढ़ क्षेत्र में सतर्कता जांच में गए थे। थानाराजाजी गांव के सिंगल का बास के रणवीर नगर में राधा कृष्ण मीना के परिसर के पास सतर्कता जांच कर रहे थे।
सतर्कता जांच में राधा कृष्ण मीना के परिसर मेें विद्युत चोरी मिली। जिसके मौके पर फोटो लिए गए व चोरी में प्रयुक्त केबल जब्त कर ली गई। उसी दौरान हरकेश मीना, दिलीप यादव अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाड़ी के पास आए और निगम के वाहन की चाबी छीनकर घर ले गए। उसके बाद लाठी-डंडों से सतर्कता दल के सहायक अभियंता नवीन कुमार गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता हेमंत कुमार वर्मा, फीडर इंचार्ज रोहिताश चौधरी, मीटर रीडर घनश्याम सैनी व उसके साथ लाठी-डंडो से मारपीट शुरू कर दी। सहायक अभियंता को जबरदस्ती पकड़कर महिला के साथ वीडियो बनाई। उक्त लोगों ने महिला का व छूआछूूत का केस लगाने की धमकी दी। झगड़ा ज्यादा होता देखकर सभी कर्मचारी मौके से जान बचाकर बिना गाड़ी के पैदल भाग गए। इसके बाद उसे हरकेश मीना, सीताराम मीना, लल्लू मीना व अन्य व्यक्तियों ने पकड़ लिया अपने घर ले गए तथा उसे एक कमरे में बंधक बना लिया तथा पीटना शुरू कर दिया। उक्त लोगों ने उसके कपड़े फाड़कर एवं महिला के कपड़े खोलकर जबरदस्ती वीडियो बनाए एवं दुष्कर्म व जातिसूचक शब्द कहने का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी। उसके ऊपर दरात व फावड़े से प्रहार किया तथा उसका मोबाईल तोड़ दिया एवं वहां खड़ी गाड़ी से सभी सामान जब्त कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे मुक्त करवाकर पुलिस थाना राजगढ़ लेकर आई। पुलिस ने राज कार्य में बाधा, सरकारी सम्पत्ति को नुकसान सहित अन्य धाराओं में राधाकृष्ण, हरकेश मीना, दिलीप यादव, सीताराम, लल्लू के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
03 Nov 2019 06:00 am
