
Beaten in Mainpat, मैनपाट की सडक़ पर 2 युवकों की बेदम पिटाई करते युवक (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से विख्यात मैनपाट जहां अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, झरने और हरियाली को लेकर सैलानियों को आकर्षित करती है। वहीं अब बाइकर्स गैंग (Bikers gang in Mainpat) द्वारा यहां अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। 9 जुलाई को मैनपाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, इसमें बाइकर्स गैंग द्वारा बीच सडक़ पर जमकर हुड़दंग किया जा रहा था। इस मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने वीडियो में दिख रहे युवाओं के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं आज मैनपाट का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवा 2 युवकों की पिटाई करते दिख रहे हैं। इसमें से एक युवक को लात मारकर गहरी खाई में गिराने की कोशिश करते भी देखा गया।
वायरल वीडियो मैनपाट के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-मैनपाट मार्ग स्थित कालीघाट के पास का बताया जा रहा है। वीडियो के अनुसार युवाओं का ग्रुप बीच सडक़ पर बाइक लगाकर हुड़दंग मचा रहे हैं। वहीं 2 युवकों की आधा दर्जन से अधिक युवक पिटाई (Mainpat beaten video viral on social media) कर रहे हैं। पिटाई खाने वाले युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
इसी बीच एक युवक की पिटाई के बाद लात मारकर खाई में गिराने की कोशिश हो रही है। हालांकि उसने खुद को खाई में गिरने से संभाल लिया, अन्यथा उसकी जान जा सकती थी। कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी का कहना है कि पिटाई वाले वीडियो में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
बाइकर्स गैंग द्वारा मैनपाट में मचाए गए हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया है। एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बाइकर्स गैंग के खिलाफ कार्रवाई (FIR against bikers gang) के निर्देश दिए थे। इस बीच कमलेश्वरपुर पुलिस ने स्पोट्र्स और रेसिंग बाइक से हुड़दंग मचाने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
बता दें कि मैनपाट के टाइगर प्वाइंट, मेहता प्वाइंट, उल्टापानी, दलदली समेत अन्य जगहों पर सैलानी परिवार के साथ घूमने आते हैं। इधर बाइकर्स गैंग द्वारा इन दर्शनीय स्थलों पर जाने वाली सडक़ों पर बाइक अड़ाकर हुड़दंग मचाया जाता है। वे बाइक स्टार्ट कर साइलेंसर और हॉर्न बजाने के अलावा जमकर हो-हल्ला मचाते हैं। इनकी इस करतूत (Bikers gang) से सैलानी परेशान होते हैं। ग्रुप में काफी संख्या में युवकों के होने की वजह से कोई इनसे पंगा लेना नहीं चाहता। ऐसे में ये मनमर्जी करते हैं।
Updated on:
10 Jul 2026 04:34 pm
Published on:
10 Jul 2026 04:34 pm
