
Kidnap from Railway station, पुलिस ने आरपीएफ को सौंपा बालक (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से 14 जुलाई को अपहृत 3 साल का मासूम बालक लावारिस हालत में ग्राम गंझाडांड में ग्रामीणों को मिला। ग्रामीणों ने बच्चे को रघुनाथपुर चौकी में पुलिस को सौंप दिया। बच्चे की पहचान रेलवे स्टेशन से अपहृत मासूम के रूप में की गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बच्चे को अंबिकापुर रेलवे पुलिस (Ambikapur Railway police) को सौंप दिया है। बच्चा अपने पिता के साथ 14 जुलाई को पटना थाना क्षेत्र के डबरीपानी से मेमू टे्रेन से अंबिकापुर आया था। यहां वह नशे में प्लेटफॉर्म पर सो गया था। जब उसकी नींद खुली तो बेटा गायब था। उसने ट्रेन में पहचान बढ़ाकर साथ आए व्यक्ति पर बेटे का अपहरण करने की आशंका जताई थी। हालांकि अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के डबरीपानी निवासी पुन्नी लाल (40) वर्तमान में रेलवे स्टेशन से लगे ग्राम अजिरमा स्थित पानी टंकी के पास किराए के मकान में रहता है। 14 जुलाई की शाम अपने नाबालिग बेटे (Son kidnapping) के साथ मेमू ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचा था। रेलवे स्टेशन के बाहर उसे ट्रेन में साथ आए एक व्यक्ति ने खाने-पीने के लिए अपने साथ ले गया।
भोजन के बाद नशे की हालत में पुन्नी लाल अपने बेटे के साथ स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सो गया था। कुछ देर बाद जब उसकी नींद खुली तो उसका बेटा वहां नहीं था। पिता ने आशंका जताई थी कि उसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पिता की अंबिकापुर आरपीएफ थाना व गांधीनगर थाना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत शून्य पर अपराध दर्ज कर मामले (Kidnap from Railway station) की जांच कर रही थी।
घटना के करीब 7 दिन बाद मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम गंझाडांड निवासी एक ग्रामीण को बालक लावारिस हालत में मिला। ग्रामीण ने पहले आसपास के गांवों में उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उसने बच्चे को सुरक्षित अपने घर में रखा।
बाद में अन्य ग्रामीणों के साथ उसे रघुनाथपुर चौकी लेकर पहुंचा और पुलिस के हवाले कर दिया। रघुनाथपुर चौकी में बालक का मिलान गांधीनगर थाने में दर्ज गुमशुदगी के मामले से किया गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ अंबिकापुर (RPF Ambikapur) की टीम भी मौके पर पहुंची और बालक की पहचान रेलवे स्टेशन से लापता बच्चे के रूप में की। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बालक को आरपीएफ टीम के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे उसके परिजनों से मिलाया जा सके। आरपीएफ थाना प्रभारी सुनीता मिंज ने बताया कि बालक को ले जाने वाला आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है। उसकी तलाश की जा रही है।
Updated on:
21 Jul 2026 07:32 pm
Published on:
21 Jul 2026 07:32 pm
