
Crypto currency fraud, पुलिस द्वारा गिरफ्तार पांचों आरोपी (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। ऑनलाइन शेयर मार्केट (Online share trading) में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से कुछ लोगों ने 10 हजार रुपए की ठगी कर ली थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं। दरअसल आरोपियों ने 19 जुलाई को शहर के एक होटल में सेमिनार का आयोजन किया था। यहां क्रिप्टो करेंसी बिगेट वालेट ऐप के माध्यम से शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया गया था। सेमिनार में कई लोगों ने हिस्सा लिया था। झांसे में आकर दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरपुर निवासी एक युवक ने 10 हजार रुपए लगाए थे। ठगी का एहसास होने पर उसने मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया था कि गांव के ही त्रिपाल टोप्पो ने उससे कहा कि ऑनलाइन शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर ज्यादा मुनाफा मिलता है। वह स्वयं उससे जुड़ा है, उसे भी जुडऩे कहा गया। फिर त्रिपाल के माध्यम से वह उदयपुर निवासी राजकुमार पैंकरा से मिला। राजकुमार ने बताया कि ऑनलाइन बिगेट वालेट (एलजीएनएस) क्रिप्टो वायलेट ऐप (Crypto currency Biget Wallet) में पैसा लगाने से अधिक रकम मिलता है।
उसके झांसे में आकर वह 19 जुलाई को अंबिकापुर के होटल फिल आनन्दम में शेयर मार्केट के संबंध में ट्रेनिंग में गया। यहां कान्ता प्रसाद राजवाड़े द्वारा लैपटॉप एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से अन्य 10-12 लोगो को बिगेट वालेट क्रिप्टो वायलेट ऐप के शेयर मार्केट में पैसा बढ़ाने के बारे में बताया जा रहा था।
यहां बताया गया कि 12 लेवल तक पहुंचने के बाद फ्री में पैसे मिलते रहेंगे। बस इस शेयर में पैसा लगाना है। इसके बाद उससे राजकुमार ने 10 हजार रुपए ले लिए और कहा कि 1 साल में ये रुपए बढक़र 1 लाख हो जाएंगे। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2), बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले (Fraud case) को विवेचना में लिया।
विवेचना के बाद पुलिस ने ठगी में शामिल लखनपुर के ग्राम सिंगीटाना निवासी कांता प्रसाद पिता दिलू 27 वर्ष, उदयपुर के पंडरीडांड़ निवासी राजकुमार पैंकरा पिता स्व. अमीर साय 42 वर्ष, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवटिकरा निवासी जीवन साय टोप्पो पिता रामसाय लकड़ा 36 वर्ष, ग्राम टपरकेला निवासी फिरोज लकड़ा पिता रामसाय 35 वर्ष व गांधीनगर के अंबे कॉलोनी मकान नंबर बी-7 निवासी मुकेश कुमार गुप्ता पिता विनोद गुप्ता 46 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने प्रकरण में धारा 317 (4) जोडक़र मंगलवार को सभी को न्यायालय (Crypto currency fraud case) में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना प्रभारी मणिपुर एसआई सीपी तिवारी, एएसआई अनिल पांडेय, एएसआई राकेश मिश्रा, आरक्षक रामशंकर यादव, अनिल परिहार, अनिल सिंह, निरंजन बड़ा ने की।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिलासपुर के त्रिभुवन साहू एवं रमाशंकर साहू द्वारा क्रिप्टो करेंसी बिगेट वालेट में पैसा निवेश करने की जानकारी दी गई थी। दोनों के साथ उन्होंने बिलासपुर मे भी कई बार सेमिनार भी किया। उन्होंने बताया था कि यदि कोई क्रिप्टो करेंसी (Crypto currency) खरीदना चाहता है तो उसे उसके मोबाइल में बिगेट वालेट एप्लीकेशन डाउनलोड करवाकर उससे नगद या फोन पे के माध्यम से 100, 200, 1000, 5000 रुपए लेना है। उसके बदले उतनी ही कीमत का क्रिप्टो करेंसी देना है।
आरोपियों (Fraud accused) ने बताया कि 19 जुलाई को सेंट्रल जेल से लगे होटल फिल आनंदम में क्रिप्टो करेंसी बिगेट वालेट (शेयर मार्केट) के संबंध में सेमीनार का आयोजन उन्होंने किया था। इसमें नए निवेशक विद्याचरण व भारद्वाज गोस्वामी समेत अन्य 5-7 लोग शामिल हुए थे। क्रिप्टो करेंसी बिगेट वालेट (शेयर मार्केट) से जुड़े सीनियर त्रिभुवन साहू निवासी बिलासपुर द्वारा काले रंग का टी-शर्ट, जिसमें गेम चेन्जर एकेडमी लिखा हुआ है, उसे दिया गया था। इस दौरान ही विद्याचरण से 10 हजार रुपए लिए गए थे।
Updated on:
21 Jul 2026 05:32 pm
Published on:
21 Jul 2026 05:32 pm
