
Jashpur Collector
अंबिकापुर. जशपुर कलक्टर पर भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेसियों ने जशपुर कलक्टर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान 'घर घर भगवा छाएगा, राम राज फिर आयेगा, एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम, जय श्री राम' बजाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पदमुक्त करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर द्वारा गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर कमिश्नर को कलक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेसियों ने कमिश्नर टामन सिंह सोनवानी को बताया कि कलक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला भाजपा से प्रभावित हैं और मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में प्रभावित कर रहीं हैं।
इससे निष्पक्ष चुनाव की संभावना कम है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखण्ड के अमडीहा ग्राम में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के लिये 'जश-प्रण चौपाल' के नाम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
यह कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला के आदेश पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में एक ओर तो भोजपुरी गानों पर नृत्य हो रहा था, फिर ऐसे गीतों का प्रसारण किया गया, जिसमें सतारूढ दल भाजपा का प्रत्यक्ष प्रचार होता है। कार्यक्रम के दौरान घर-घर भगवा छाएगा... बजाया जा रहा था।
कांग्रेसियों ने बताया कि भाजपा ही हिन्दू राष्ट्रवाद, घर-घर भगवा झंडे की बात करती है और राजनीतिक आयोजनों में भी जय श्री राम के नारे लगाती है, इसलिए इसे भजन कहकर खारिज नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेसियों का कहना था कि प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू है। कांग्रेसियों ने कलक्टर पर आरोप लगाया है कि वे हमेशा भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करती हंै। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहीं हैं।
कलक्टर को पदमुक्त करने की मांग
कांग्रेसियों ने कलक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला पर अविश्वास जताते हुए जशपुर में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए जाने का आरोप लगाया है। कांग्रेसियों ने कमिश्नर से कलक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को तत्काल पदमुक्त करने की मांग की है। इसके साथ ही उनकी पदस्थापना किसी ऐसे पद पर नहीं किए जाने की मांग की है, जिससे वे अपनी राजनीतिक विचारधारा के अनुरूप चुनाव को प्रभावित कर सकें।
कमिश्नर बोले-वेब पोर्टल पर करें शिकायत
कांग्रेसियों के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश कांग्रेस महासचिव शफी अहमद के नेतृत्व में कमिश्नर से मुलाकात की। शफी अहमद ने बताया कि कमिश्नर ने शिकायत को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के वेब पोर्टल पर भी शिकायत करने को कहा है, उसमें संबंधित शिकायत का निराकरण 24 घंटे के अंदर किए जाने की बात बताई है।
निजी कला जत्था ने डिमांड पर बजाया था गाना
कलक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि आयोजन से पूर्व गांव के एक व्यक्ति के डिमांड पर निजी कला जत्था द्वारा गाना बजाया गया था। चूंकि मतदाता जागरूकता हेतु पूरा प्रशासन काफी सक्रिय है और अन्य जगहों की तुलना में यहां काफी बेहतर काम हो रहा है, इसकी सराहना खुद कांग्रेसियों द्वारा की जा चुकी है, ऐसे में यह हमारा किस तरह का अवगुण है।
कार्यक्रम के दौरान वहां पंचायत सचिव उपस्थित थी और उसे आदर्श आचार संहिता का पालन कराना था। जिला निर्वाचन द्वारा आदर्श अचार संहिता का पालन कराया जा रहा है और पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव कराया जाएगा।
सचिव श्रीमती अमृत बड़ा को इस मामले में निलंबित भी कर दिया गया है। इसके साथ ही जनपद पंचायत सीईओ बीएल सरल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दी गई है जानकारी
कलक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि इस पूरे आयोजन का वीडियो और कार्रवाई से संबंधित जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भी दे दी गई है। कलक्टर ने कहा कि मेरे द्वारा किसी पार्टी विशेष के लिए काम नहीं किया जा रहा है और पूरी तरह निष्पक्षता के साथ काम किया जा रहा है।
Published on:
25 Oct 2018 09:55 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
